छत्तीसगढ़

स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने कार्यशाला आयोजित

*स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने कार्यशाला आयोजित*

*रैम्प योजना के तहत निर्यात प्रक्रिया, गुणवत्ता मानक, पैकेजिंग एवं लेबलिंग की दी गई जानकारी*

*सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नवाचार चुनौती पर भी हुआ मार्गदर्शन*

कवर्धा,  अक्टूबर 2026। कबीरधाम जिले के स्थानीय उत्पादकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने, निर्यात की संभावनाओं से अवगत कराने तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की रैम्प योजना के तहत दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला 05 एवं 06 अक्टूबर 2026 को होटल रॉयल सेलिब्रेशन, रायपुर रोड, कवर्धा में आयोजित हुई।
कार्यशाला में स्थानीय उत्पादकों एवं उद्योग संचालकों को निर्यात प्रक्रिया, उत्पादों के पंजीकरण, उत्पाद कोड, उत्पाद वर्गीकरण, निर्यात संबंधी दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता मानक, पैकेजिंग एवं लेबलिंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में जिले के स्थानीय उद्योग संघों तथा खाद्य उत्पादों से संबंधित विनिर्माण इकाइयों के संचालकों ने सहभागिता कर निर्यात एवं व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कबीरधाम के महाप्रबंधक श्री रामकुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों को निर्यात व्यवसाय प्रारंभ करने की प्रक्रिया तथा इसके लिए आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी। वहीं प्रबंधक श्री विशाल देवांगन ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित नवाचार चुनौती के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय स्तर पर नए विचारों, नवाचार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी), रायपुर के माध्यम से आए च्वाइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि श्री वासुदेव वर्मा, श्री मोहनीश साहू एवं श्री तुलेश्वर सर्वा ने निर्यात से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिए निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन, उचित पैकेजिंग, सही लेबलिंग तथा आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। साथ ही उत्पादों के पंजीकरण, उत्पाद कोड एवं वर्गीकरण की प्रक्रिया से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य जिले के स्थानीय उत्पादकों एवं लघु उद्योगों को निर्यात के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं को मजबूत करना रहा। इस पहल से स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण एवं बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवसाय विकसित करने में सहयोग मिलेगा। रैम्प योजना के अंतर्गत आयोजित यह कार्यशाला स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, उद्योगों की क्षमता बढ़ाने तथा कबीरधाम जिले के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नवाचार चुनौती के माध्यम से स्थानीय स्तर पर नए विचारों एवं व्यावसायिक संभावनाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button