अजब गजब

पुरानी चूड़ियों से सजाएं घर का खाली कोना, खुद से बनाएं ये 5 सजावटी चीजें

महिलाओं को सजने-संवरने का काफी शौक होता है। यही वजह है कि कपड़ों के कलेक्शन के साथ-साथ उनके पास ज्वेलरी और चूड़ियों का भी कलेक्शन होता है। कांच से लेकर मेटल तक तरह-तरह की चूड़ियां महिलाओं के कलेक्शन का हिस्सा होती हैं। हालांकि जब भी हम नई चूड़ियां खरीदते हैं, तो पुरानी चूड़ियों को साइड कर देते हैं। कुछ चूड़ियों को पुरानी होने की वजह से नहीं पहना जाता है। ऐसे में कई सारी चूड़ियां इकट्ठी हो जाती हैं, जिन्हें फेंकने का ख्याल मन में आता है। अगर आप भी पुरानी चूड़ियों को फेंकने की सोच रही हैं, तो रुक जाइए।

दरअसल हम आपको पुरानी चूड़ियों को इस्तेमाल करने के कुछ तरीके बताने जा रहे हैं। इनकी मदद से आप पुरानी चूड़ियों को इस्तेमाल करके घर को सजा सकती हैं। इनसे तरह-तरह के डेकोरेटिव आइटम्स बनाए जा सकते हैं, जो घर को सुंदर और आकर्षक बना सकते हैं।

झूमर बनाएं

पुरानी चूड़ियों को बेकार समझ रही हैं, तो रुक जाइए। इसकी मदद से खूबसूरत झूमर बनाया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले जरूरत के अनुसार कांच की चूड़ियां लें। इनके ऊपर ऊन को ग्लू से चिपकाएं। अब पूरी चूड़ियों पर पास-पास अच्छी तरह ऊन लपेटते जाएं। जिससे कांच की चूड़ियां नजर नहीं आएंगी। इस तरह चूड़ियों को अलग-अलग रंग की ऊन से कवर कर दें। अब इन चूड़ियों को गोल आकार में रखें और मजबूती से चिपकाएं। झूमर तैयार करने के लिए इसमें लटकन और मोती लगाना होगा। इसके लिए नीचे की तरफ ऊन से बनी झालर, पोम-पोम या मोतियों की लड़ियां लगाएं। अब ऊपर के हिस्से में मजबूत रिबन बांध दे जिससे झूमर को दीवार या छत पर टांगने में आसानी हो।

वॉल डेकोर

इसे बनाने के लिए सबसे पहले चूड़ियों के ऊपर ऊन को अच्छी तरह लपेट दें। इसे आप पूरी तरह ऊन से ढक सकती हैं। अब चारों तरफ मोतियों की लड़ी को चिपकाएं। इस तरह दो से तीन रंग की चूड़ियों को ऊन से तैयार कर लें। अब एक डंडी को सफेद कपड़े से कवर कर दें। अब इसके ऊपर मोतियों की लड़ी को लगाएं। इन लड़ियों पर चूड़ियों को ऊपर-नीचे अच्छी तरह चिपाकर डिजाइन तैयार करें। इस तरह दीवार पर टांगने के लिए सजावटी सामान तैयार हो जाएगा।

तोरण बनाएं

मोटी चूड़ियों के इस्तेमाल से तोरण मजबूत बनेगा। अगर आपके पास पतली कांच की चूड़ियां हैं, तो चार से पांच चूड़ियों को गोंद की मदद से चिपका लें। इस तरह 7 से 8 चूड़ियों का सेट तैयार कर लें। अब इन चूड़ियों को सजाने के लिए गोल्डन लेस लपेटें। इसके ऊपर आप मोती भी थोड़ी-थोड़ी दूरी पर चिपका सकती हैं। अपनी पसंदीदा रंग की चौड़ी पट्टी हैं, जिसपर जरी या गोटा-पट्टी का काम हुआ हो। इसके निचले हिस्से पर चूड़ियों को लटकाएं। इसके सुंदर बनाने के लिए चूड़ी के नीचे वाले हिस्से पर छोटा फूल लगा सकते हैं और साथ में मोतियों की झालर भी लगाई जा सकती है।

हैंगिंग डेकोर

पुरानी चूड़ियों से हैंगिंग डेकोर बनाने के लिए चूड़ियों को एक के ऊपर एक ऊंचाई तक जोड़ लें। इस तरह चार से पांच चूड़ियों का सेट तैयार कर लें। अब इन चूड़ियों के एक तरफ नीचे की ओर कार्डबोर्ड के टुकड़े चिपकाएं। इसके बाद सभी चूड़ियों के सेट को अच्छी तरह जोड़ लें। अब कार्डबोर्ड वाले हिस्से पर रस्सी या लड़ी लगाएं जिससे इसे टांगा जा सके।

चूड़ियों से सजावटी बाउल बनाएं

इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक गुब्बारा लें और इसे फुला लें। इस पर चूड़ियों को एक-एक करके चिपकाएं। चूड़ियों को इस तरह सावधानी से चिपकाएं की बाउल यानी कटोरे का आकार बन जाए। जब ये अच्छी तरह सूख जाएं, तो गुब्बारे की हवा निकाल दें। इस तरह आप देखेंगी कि चूड़ियों से बाउल बन गया है। इसी तरह एक नहीं बल्कि दो तीन अलग-अलग रंग की चूड़ियों से बाउल तैयार करें। इसके ऊपर रंगीन पत्थरों और नकली फूलों को रख सकती हैं। यह डाइनिंग टेबल या ड्रेसिंग टेबल पर रखा जा सकता है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button