*“सेवा संकल्प अभियान” के तहत विशेष शिविरों का होगा आयोजन, मौके पर होगा समस्याओं का निराकरण*
कवर्धा, सितंबर 2026। नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने के लिए “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत “सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत कवर्धा नगर पालिका सभागार में विशेष काउंर्टर और हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहाँ नागरिकों से प्राप्त आवेदनों, शिकायतों और सेवा संबंधी मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जाएगा। यह विशेष शिविर 25 सितंबर, 30 सितंबर, 05 अक्टूबर और 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी कवर्धा श्री नारायण साहू ने बताया कि शिविरों के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उप-अभियंता श्री राजेश पाथर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो संपूर्ण गतिविधियों की निगरानी करेंगे। विभिन्न सेवाओं के त्वरित निराकरण हेतु अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें पेंशन योजनाओं के लिए श्रीमती सुनिता देवांगन व श्री नागेश कुंभकार, जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीयन के लिए श्रीमती गीता विश्वकर्मा व सुश्री सपना पाल, भवन अनुज्ञा हेतु श्री सुरेश ठाकुर, नल-जल योजना के लिए श्रीमती शीला दुबे व श्री तीरथ साहू, प्रधानमंत्री आवास योजना हेतु श्री सत्येंद्र कौशिक, श्री मदन लाल पाली व श्री राहुल ठाकुर, पीएम स्वनिधि योजना के लिए श्री बद्री साहू, राजस्व मामलों के लिए श्री सुनील कुर्रे व उनकी टीम, राशन कार्ड संबंधी आवेदनों के लिए जिम्मेदार कर्मचारी, तथा सफाई व्यवस्था संबंधी शिकायतों के लिए श्री लियाकत अली, श्री राकेश कुमार ठाकुर व श्री संजय पाल को दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा, 30 सितंबर 2026 को नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी श्री गौरव दीक्षित संभालेंगे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सभी नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करें और शिविर में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का विवरण प्रतिदिन सेवा सेतु पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।





