Blog

राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 अगस्त को देशभर में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’

रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशभर में 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़े कार्यक्रमों के तहत युवाओं को खेल, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं, खिलाड़ियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को एक साझा मंच पर लाया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक जिले के दो शैक्षणिक संस्थानों में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जशपुर जिले में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, मनोरा तथा श्री रामेश्वर गहिरा गुरु संस्कृत महाविद्यालय, समरवार में आयोजित होगा। कार्यक्रम में सुबह 10 बजे तक अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात MY Bharat Volunteers एवं खिलाड़ियों के बीच स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश में खेल अधोसंरचना के विकास, खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने तथा खेलों में युवाओं की बढ़ती भूमिका पर चर्चा होगी।

संवाद के दौरान जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। युवाओं से उनके सुझाव और विचार QR Code के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही उन्हें VBYLD Quiz Round में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। ‘खेलो इंडिया संवाद’ पहल के माध्यम से युवाओं को खेल और कौशल विकास के साथ नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

 

The post राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 अगस्त को देशभर में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’ appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button