*बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले में जागरूकता, कैरियर काउंसलिंग, आत्मरक्षा एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू*
*बालिकाओं के शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को मिलेगा नया आयाम*
कवर्धा, जुलाई 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिलेभर में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान, कैरियर काउंसलिंग, आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं निःशुल्क कौशल विकास कार्यक्रमों की व्यापक श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
योजना के अंतर्गत विभिन्न विकासखंडों में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं एवं आमजन को जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, बालिकाओं के अधिकार, लैंगिक समानता तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में 2 जुलाई को ग्राम कान्हाभैरा, 3 जुलाई को ग्राम तेलीटोला एवं मिनमिनिया जंगल तथा 7 जुलाई को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, बोड़ला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 10 जुलाई को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर, 15 जुलाई को हायर सेकेंडरी स्कूल राजनावागांव में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। कैरियर काउंसलिंग की आगामी कड़ियों में 22 जुलाई को हायर सेकेंडरी स्कूल कापादाह तथा 30 जुलाई को हायर सेकेंडरी स्कूल रेंगाखार (बोड़ला) में मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे।
बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य और कैरियर निर्माण को ध्यान में रखते हुए योजना के तहत कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत 9 जुलाई को सिंघनगढ़ हायर सेकेंडरी स्कूल से हुई, जहां विशेषज्ञों ने छात्राओं को कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बाद उपलब्ध शैक्षणिक एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। इंजीनियरिंग, चिकित्सा, नर्सिंग, शिक्षा, प्रशासनिक सेवाएं, बैंकिंग, रक्षा सेवाएं, सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास एवं उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कैरियर की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर चुनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया तथा छात्राओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बालिकाओं में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पांच दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत 13 से 17 जुलाई तक हायर सेकेंडरी स्कूल महली, 20 से 24 जुलाई तक हायर सेकेंडरी स्कूल सिल्हाटी तथा 27 से 31 जुलाई तक स्वामी आत्मानंद विद्यालय, बोड़ला में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा व्यावहारिक आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे बालिकाएं आपात परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। इसके साथ ही योजना के अंतर्गत बालिकाओं एवं युवतियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिले के विकासखंड कवर्धा, बोड़ला, सहसपुर लोहारा एवं पंडरिया में सिलाई, ब्यूटी पार्लर एवं ट्राइबल आर्ट का निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण भी संचालित किया जाएगा। इच्छुक बालिकाएं एवं युवतियां प्रशिक्षण हेतु कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कबीरधाम अथवा अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र में संपर्क कर पंजीयन करा सकती हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आनंद तिवारी ने बताया कि इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं सम्मानजनक भविष्य से जोड़ते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित करना है। विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत ऐसे जनजागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं एवं उनके परिवार शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहसपुर लोहारा, परियोजना अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं मिशन शक्ति की टीम उपस्थित रही।





