छत्तीसगढ़ में 24 जून यानी बुधवार का दिन खास रहने वाला है। क्योंकि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित की जायेगी। इस संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा के सफल आयोजन और ग्रामीणों की सहभागिता के लिये निर्देश जारी किये हैं। ग्राम सभा में विशेष रूप से आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से मिले सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची का अवलोकन और वाचन किया जाएगा। शासन की मार्गदर्शिका एवं मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी। ग्रामीणों से मिले दावे-आपत्तियों को नियमानुसार प्राप्त कर उनके निराकरण किया जायेगा।
ग्राम सभा से अनुमोदन के बाद स्थायी प्रतीक्षा सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड करने की कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही पूर्व बैठक के निर्णयों के पालन प्रतिवेदन, पंचायतों के आय-व्यय की समीक्षा एवं अनुमोदन, विभिन्न योजनाओं से स्वीकृत कार्यों की प्रगति और अन्य विकासात्मक विषयों पर भी चर्चा होगी।जनभागीदारी को बढ़ावा देना
वहीं ग्राम सभाओं में विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी जी राम जी) के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी। विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों से अपील की है कि ग्राम सभा में अधिक से अधिक ग्रामीणों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाए।





