*युवा रत्न सम्मान योजना के लिए 30 अक्टूबर तक करें आवेदन*
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। राज्य शासन द्वारा प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल तथा अन्य विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने एवं उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र युवा एवं स्वैच्छिक संगठन 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला कबीरधाम में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
योजना के तहत प्रतिवर्ष एक स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा को सम्मानित किए जाने का प्रावधान है। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, शॉल, प्रशस्ति-पत्रध्प्रमाण-पत्र के साथ सम्मान स्वरूप 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। अन्य युवा रत्न सम्मानों के अंतर्गत चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ पदक, शॉल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं समाज के प्रति उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से सामाजिक सेवा, संस्कृति, साहित्य, शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को अपनी उपलब्धियों के लिए राज्य स्तर पर पहचान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। जिले के पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला कबीरधाम में आवेदन जमा कर योजना का लाभ उठाएं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।




