*राशनकार्ड ई-केवाईसी के लिए विशेष शिविर, छूटे सदस्यों का होगा सत्यापन*
*पिपरिया में 5 अप्रैल को कैंप, बोड़ला, पंडरिया, पांडातराई, सहसपुर लोहारा में 6 अप्रैल से शुरुआत*
कवर्धा, अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार जिले में राशनकार्डधारियों के ई-केवाईसी से वंचित सदस्यों का डाटा संकलन सुनिश्चित करने हेतु खाद्य विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ई-केवाईसी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
इसी क्रम में रविवार, 5 अप्रैल को पिपरिया नगर पंचायत क्षेत्र में चार अलग-अलग स्थानों पर विशेष ई-केवाईसी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में राशनकार्ड से जुड़े ऐसे सदस्यों का सत्यापन किया जाएगा, जिनका अब तक ई-केवाईसी नहीं हो सका है। विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर प्रक्रिया पूर्ण कराएं।
वहीं बोड़ला, पण्डरिया, पांडातराई और सहसपुर लोहारा क्षेत्रों में यह विशेष शिविर सोमवार, 6 अप्रैल से प्रारंभ होंगे। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए समय पर ई-केवाईसी पूर्ण कराने का आग्रह किया है, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ निर्बाध रूप से लिया जा सके।





