भिलाई। नेहरू नगर, दुर्ग एवं भिलाई क्षेत्र में चोरी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह के मुख्य सक्रिय आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दिल्ली के शाहीन बाग, मदनपुर खादर एवं नोएडा क्षेत्र में 15 दिनों तक पुलिस आरोपी पर नजर रख रही थी। पुलिस टीम ने जनगणना अधिकारी एवं स्थानीय बकरा विक्रेता के रूप में रहकर आरोपी के ठिकानों की गोपनीय जानकारी जुटाई और यमुना एक्सप्रेस-वे पर लगभग 300 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को पकड़ा। आरोपी के पास से 20 लाख का मशरुका बरामद किया गया है।
बता दें इस माह की शुरुआत में नेहरू नगर भिलाई थाना सुपेला पदमनाभपुर दुर्ग क्षेत्र में हो रही चोरियों के मामले में अन्तराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपी हासिम खान निवासी शालीमार गाईन मेरठ (उप्र) को 17 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के साथ चोरी का जेवर खरीदने वाले ज्वेलरी शाप संचालक सलीम खान निवासी मेरठ को गिरफ्तार कर उसके पास से 60 लाख का सोना बरामद किया गया था। घटना में शामिल फरार आरोपी कुख्यात एवं शातिर आरोपी नासिर हुसैन निवासी शाहीनबाग दिल्ली के शाहीन बाग एवं मदनपुर खादर, नोएड़ा क्षेत्र जैसे घनी आबादी, संकरी गलियों तथा बहुमंजिला फ्लैटों वाले क्षेत्रों में लगातार ठिकाना बदलकर छिपा हुआ था, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।
स्थानीय स्तर पर आरोपी नासीर हुसैन के संबंध में पर्याप्त जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस टीम ने अत्यंत पेशेवर एवं गोपनीय तरीके से क्षेत्र में काम प्रारंभ किया। पुलिस टीम ने स्थानीय गतिविधियों का सूक्ष्म अध्ययन कर पाया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में बकरा विक्रेता सक्रिय रहते हैं। इसके बाद पुलिस के सिविल स्टाफ ने स्थानीय लोगों के बीच घुलमिलकर बकरा विक्रेताओं के साथ रहकर एवं बकरा विक्रेता के साथ कई दिनों तक क्षेत्र में सक्रिय रहकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं ठिकानों की जानकारी एकत्रित की इस दौरान टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों का चिन्हांकन किया। इसके बावजूद आरोपी के बार-बार ठिकाना बदलने के कारण सटीक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
इसके बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य की आड़ लेकर जनगणना अधिकारी के वेश में घर-घर जाकर वांछित आरोपी नासीर हुसैन के ठहरने एवं आवागमन की जानकारी जुटाई। यह अभियान लगातार एक सप्ताह तक अत्यंत गोपनीय एवं रणनीतिक तरीके से संचालित किया गया। इसी दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी नासिर हुसैन चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बेचकर खरीदी गई कार से बिहार के दरभंगा भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेज गति लगभग 150-160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से भाग रहे आरोपी को लगभग 300 किमी दूरी का पीछा करते हुए आगरा रोड क्षेत्र में हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी नासिर हुसैन अपने अन्य साथियों के साथ वर्ष 2019 से मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, चंडीगढ़ तथा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग एवं भिलाई क्षेत्रों में करोड़ो रुपये की चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी किए गए सोने-चांदी एवं नगदी रकम से लगभग 10 लाख की एक सेकंड हैंड किआ कंपनी की कार क्रमांक डीएल-4सी/एजेड 7383 खरीदी थी, जिसका उपयोग वह लगातार कर रहा था। इसके अतिरिक्त आरोपी की निशानदेही पर डायमंड नेकलेस, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के नए कपड़े एवं साड़ियां, नगदी रकम अन्य सामग्री बरामद की गई। कुल मिलाकर लगभग 20,00,000 (बीस लाख) मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी नासिर को दिल्ली से विधिवत ट्रांजिट रिमांड पर लाकर दुर्ग न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
जब्त सामग्री
- नगदी रकम एक लाख बाईस हजार रुपए
- डायमंड का ब्रेसलेट (एक नग) कीमती 7 लाख रुपए
- अमेरिकन डायमंड 50 हजार रुपए
- सोने का आभूषण 7.500 ग्राम सोना
- चांदी के सिक्के एवं आभूषण 5.60 ग्राम
- नये कपड़े 3 लाख रुपए
- किया (सेलटास)कंपनी की कार 8 लाख रुपए
The post अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह का सरगना नासिर हुसैन गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस ने 15 दिनों तक दिल्ली में किसी वॉच appeared first on ShreeKanchanpath.


