कवर्धा: पंडरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ठाठापुर (रामपुर) स्थित गैस एजेंसी में लंबे समय से मिल रही अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक भावना बोहरा सोमवार को औचक निरीक्षण पर पहुंचीं. निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों की समस्याएं सामने आने पर विधायक ने एजेंसी कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर तीन कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए.
उज्ज्वला गैस कनेक्शन देने वसूली, गैस रिफिलिंग के लिए लंबा इंतजार
रामपुर क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसी को लेकर ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी कि समय पर गैस रिफिलिंग नहीं की जा रही है. वहीं, शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत नए गैस कनेक्शन देने के नाम पर हितग्राहियों से अवैध रूप से अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है. सोमवार को विधायक भावना बोहरा शासकीय कार्यक्रम में शामिल होने रामपुर पहुंची थीं, इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया.
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक अपनी टीम के साथ सीधे गैस एजेंसी पहुंचीं, जहां बड़ी संख्या में लोग लाइन में खड़े मिले. मौके पर हितग्राहियों ने विधायक को बताया कि गैस रिफिलिंग में अनावश्यक देरी की जाती है और उज्ज्वला योजना के लाभ से वंचित किया जा रहा है. साथ ही कनेक्शन देने के लिए अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है.
दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश, एजेंसी मालिक को भी फटकार
इन शिकायतों पर विधायक भावना बोहरा नाराज हो गईं और कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि आम जनता के साथ किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोषी कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और हितग्राहियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के समय पर गैस रिफिलिंग और नए कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं. विधायक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे स्वयं आगे की कार्रवाई करेंगी.





