Blog

छत्तीसगढ़ में खैर लकड़ी तस्करी मामले का बड़ा खुलासा, दो कारोड़ से ज्यादा कैश जब्त

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खैर लकड़ी की तस्करी से जुड़े बड़े मामले का भंडाफोड़ हुआ है। यहां पुलिस ने अवैध रूप से खैर लकड़ी की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। यह सिंडीकेट फर्जी एनओसी और बिलिंग के माध्यम से यह पूरा खेल खेल रहा है। पुलिस ने हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 1 करोड़ 70 लाख रुपये नकद और अवैध खैर लकड़ी जब्त की गई। इससे पहले सरसीवा में मनीष अग्रवाल के घर से 81 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। अब तक कुल 2 करोड़ 51 लाख रुपये नकद और 70 टन खैर लकड़ी जब्त की जा चुकी है।

शुक्रवार को महासमुंद पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से शिव ट्रेडर्स के संचालक सतपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लेकर आई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में दबिश के दौरान 1.70 करोड़ रुपये की नकदी जब्त हुई। यह नकदी तस्करी से अर्जित होने की आशंका है। हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बहोड़ा कलां स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग के गोदाम से करीब 15 टन खैर लकड़ी बरामद हुई।

एसपी ने बताया ओडिशा, मध्य प्रदेश, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में कुल 70 टन लकड़ी जब्त की गई है। जांच में सामने आया कि सिंडिकेट से जुड़ी फर्मों के माध्यम से फर्जी बिल तैयार किए जाते थे। यह सब वास्तविक माल की आपूर्ति किए बिना होता था। इसके बाद वन विभाग के कथित फर्जी ट्रांजिट पास का उपयोग किया जाता था। इसका उद्देश्य लकड़ी के परिवहन को वैध दिखाना था। इस मामले में पुलिस पहले ही मनीष अग्रवाल, पारितोष मिश्रा और अखिलेश सिंघल को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट और भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

The post छत्तीसगढ़ में खैर लकड़ी तस्करी मामले का बड़ा खुलासा, दो कारोड़ से ज्यादा कैश जब्त appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button