Blog

सोलर पैनल लगाने के नाम पर 34 लाख की ठगी, मुंबई जेल में बंद आरोपी को दुर्ग लाई पुलिस

भिलाई। सोलर पैनल बाजार दर से कम कीमत पर उपलब्ध कराने एवं ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने मुंबई से आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा एवं कोटक महिंद्रा बैंक के खातों से IMPS एवं RTGS के माध्यम से आरोपियों से संबंधित कंपनी के बैंक खाते में राशि हस्तांतरित की गई थी। शिकायत पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने  विवेक मिश्रा को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना एवं पूछताछ जारी है।

प्रार्थी नवीन कुमार द्वारा 5 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि दिनांक 24.06.2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने वाले स्नेहा एवं कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल द्वारा स्वयं को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई महाराष्ट्र से संबंधित बताकर प्रार्थी की फर्म को बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने तथा ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया गया।

आरोपियों द्वारा विश्वास में लेकर प्रार्थी से कंपनी के नाम पर राशि जमा कराई गई। इस पर प्रार्थी द्वारा अपने बैंक ऑफ बड़ौदा, नंदनी रोड भिलाई एवं कोटक महिंद्रा बैंक, सुपेला स्थित खातों से IMPS एवं RTGS के माध्यम से कुल ₹34,00,000/- कंपनी के ए.यू. स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुंबई स्थित खाते में हस्तांतरित किए गए। बाद में धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान साइबर सेल एवं संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों तथा बैंक खातों की जानकारी प्राप्त की गई। प्रार्थी के कथन एवं विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आयुष उपाध्याय एवं विवेक मिश्रा के नाम सामने आए। दोनों आरोपी थाना बांगुर नगर, मुंबई के अपराध क्रमांक 880/2026, धारा 316(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में पूर्व से गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल मुंबई में निरुद्ध थे। चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम द्वारा स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया गया। इसके पश्चात वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर दोनों आरोपियों को मुंबई से एक को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के उपरांत पुलिस रिमांड प्राप्त कर प्रकरण में अग्रिम पूछताछ एवं विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है।

उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर के उप निरीक्षक दीपक चौहान, प्रधान आरक्षक क्रमांक 134 जितेन्द्र कुशवाह एवं आरक्षक क्रमांक 1185 राजकुमार चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा अन्य राज्य में जाकर स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपियों को दुर्ग लाने की कार्यवाही की गई। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करती है कि किसी भी कंपनी या व्यक्ति से ऑनलाइन व्यापारिक लेन-देन करने से पूर्व उसकी वैधता, पंजीयन, कार्यालय एवं बैंक खाते की प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें। बाजार दर से असामान्य रूप से कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने के प्रस्तावों के प्रति सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति या कंपनी के खाते में बिना समुचित सत्यापन के बड़ी धनराशि हस्तांतरित न करें। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

The post सोलर पैनल लगाने के नाम पर 34 लाख की ठगी, मुंबई जेल में बंद आरोपी को दुर्ग लाई पुलिस appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button