*जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन अब 2 नवंबर को कवर्धा में*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष युवा उत्सव का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में कबीरधाम जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा उत्सव की तिथि में संशोधन किया गया है। अब यह आयोजन 2 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से शासकीय शारदा संगीत महाविद्यालय, कवर्धा में किया जाएगा।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में विभिन्न विधाओं के अंतर्गत दल एवं प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में 2 दल के कुल 6 प्रतिभागी, लोक नृत्य में 2 दल के कुल 20 प्रतिभागी, लोक गीत में 2 दल के कुल 20 प्रतिभागी, चित्रकला में 2 प्रतिभागी, कविता लेखन में 2 प्रतिभागी, नुक्कड़ नाटक में 2 दल के कुल 20 प्रतिभागी, क्रिएटिव यूथ चैलेंज में 2 प्रतिभागी तथा पारंपरिक वेशभूषा में 2 प्रतिभागी शामिल होंगे। इन विधाओं में कुल 16 दलों के माध्यम से 74 प्रतिभागियों की सहभागिता निर्धारित है। रॉकबैंड प्रतियोगिता का आयोजन केवल राज्य स्तर पर किया जाएगा।
युवा उत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रत्येक प्रतिभागी किसी भी स्तर की प्रतियोगिता में केवल एक विधा में ही भाग ले सकेगा। प्रतिभागियों को संबंधित विधा के लिए आवश्यक वाद्ययंत्र एवं अन्य सामग्री स्वयं लेकर उपस्थित होना होगा। जिला स्तर पर विभिन्न विधाओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विकासखंड स्तर से जिला स्तर तक प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को नियमानुसार यात्रा व्यय भी दिया जाएगा।
युवा उत्सव के अंतर्गत राज्य स्तरीय आयोजन 1 से 7 दिसंबर 2026 के मध्य दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में बिलासपुर में प्रस्तावित है। वहीं, राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक दिल्ली में किया जाएगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सहभागिता के लिए आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले के युवाओं से निर्धारित तिथि एवं स्थल पर आयोजित युवा उत्सव में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की गई है।





