।*
*डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल से बचाव को लेकर नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को किया जागरूक*
कबीरधाम पुलिस द्वारा 15 अगस्त 2026 से 02 अक्टूबर 2026 तक सात सप्ताह के लिए “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तीसरे सप्ताह में “डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं डिजिटल क्षेत्र में उपलब्ध करियर के अवसरों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक-31.08.2026 को थाना लोहारा, चौकी बैजलपुर, थाना झालमला एवं थाना सिंघनपुरी जंगल क्षेत्र में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी के नए तरीकों, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर किए जाने वाले कॉल, फर्जी वीडियो कॉल एवं ऑनलाइन ठगी के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस द्वारा बताया गया कि साइबर ठग स्वयं को पुलिस, सीबीआई, ईडी, आरबीआई अथवा अन्य सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को गिरफ्तारी का भय दिखाते हैं और वीडियो कॉल पर पूछताछ के नाम पर पैसे की मांग करते हैं। “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। ऐसे किसी भी कॉल से घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें तथा किसी भी व्यक्ति को OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN, बैंकिंग पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
जागरूकता अभियान के दौरान अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड नहीं करने, सोशल मीडिया अकाउंट की गोपनीयता बनाए रखने तथा ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। साथ ही छात्र-छात्राओं को इंटरनेट एवं डिजिटल तकनीक का सुरक्षित और सकारात्मक उपयोग करने तथा साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कबीरधाम पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की गई। साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि को होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है।
जिला पुलिस कबीरधाम द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध का शिकार होने से बचें” का संदेश दिया जा रहा है।





