*साइबर जागृति अभियान जिला पुलिस कबीरधाम, (छत्तीसगढ़)। दिनांक-28.09.2026*
*साइबर अपराध के विरुद्ध कबीरधाम पुलिस की मुहिम लगातार जारी।*
*सातवें सप्ताह में गाँव, बाजार-हाट और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश।*
*थाना एवं चौकी प्रभारियों ने आमजन को साइबर ठगी के नए तरीकों से किया सतर्क।*
कबीरधाम जिले में 15 अगस्त 2026 से 02 अक्टूबर 2026 तक संचालित 07 सप्ताह के “साइबर जागृति अभियान” के सातवें एवं अंतिम सप्ताह में कबीरधाम पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना एवं चौकी क्षेत्रों में गांव-गांव, बाजार-हाट एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर आम नागरिकों से सीधे संवाद किया गया तथा उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों द्वारा नागरिकों को वर्तमान समय में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, फर्जी कस्टमर केयर, APK फाइल, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, सेक्सटॉर्शन एवं बैंकिंग फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के संबंध में सतर्क किया गया। आमजन को समझाया गया कि साइबर अपराधी अक्सर भय, लालच अथवा जल्दबाजी की स्थिति उत्पन्न कर लोगों से गोपनीय जानकारी प्राप्त कर ठगी करते हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, संदेश या ऑनलाइन प्रस्ताव पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।
पुलिस टीम द्वारा नागरिकों को विशेष रूप से जागरूक किया गया कि अनजान लिंक, QR कोड अथवा APK फाइल को खोलने या डाउनलोड करने से बचें। OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के लिए Two-Factor Authentication का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जानकारी पुलिस को दें।
कबीरधाम पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और समय गंवाये बिना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। साथ ही www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। त्वरित सूचना से ठगी की रकम को रोकने की कार्रवाई में सहायता मिल सकती है।
कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर सुरक्षा केवल व्यक्तिगत सावधानी का विषय नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता की जिम्मेदारी भी है। स्वयं साइबर अपराधों से सुरक्षित रहें और अपने परिवार, पड़ोस, विद्यार्थियों, युवाओं एवं वृद्धजनों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करें। विशेष रूप से ग्रामीण एवं बाजार क्षेत्रों में पुलिस द्वारा नागरिकों से सीधे संवाद कर साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई जा रही है।
सातवें सप्ताह में भी कबीरधाम पुलिस का साइबर जागृति अभियान निरंतर जनसंपर्क एवं जागरूकता के माध्यम से आमजन तक पहुंच रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधियों के बदलते तरीकों के प्रति सजग करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए जागरूक बनाना है।





