भिलाई। महिला चेम्बर भिलाई द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले लोकप्रिय ‘रास रंग गरबा महोत्सव सीजन-6’ का भव्य आयोजन 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 को स्टील क्लब, सेक्टर-8, भिलाई में किया जाएगा। महिला चेम्बर अध्यक्ष सुमन कन्नौजे ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘हमर छत्तीसगढ़–हमर गरबा’ रखी गई है, जिसके माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और गरबा की उमंग को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव को लेकर महिला चेम्बर द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।
महिला चेम्बर संरक्षक गीता वर्मा ने जानकारी दी कि आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देना, महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा समाज में उत्साह, एकता और सांस्कृतिक सौहार्द की भावना को मजबूत करना है। महासचिव सविता शर्मा ने बताया कि इसी क्रम में गरबा महोत्सव की तैयारियों एवं प्रतिभागियों को गरबा की बारीकियाँ सिखाने के उद्देश्य से 11 से 13 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय गरबा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी स्टील क्लब, सेक्टर-8, भिलाई में किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागी गरबा के पारंपरिक स्टेप्स सीखकर मुख्य महोत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग ले सकेंगे। महिला चेम्बर भिलाई ने शहरवासियों से इस सांस्कृतिक आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की है। यह महोत्सव केवल गरबा नृत्य का आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक एकजुटता का उत्सव है।
लगातार गरबा प्रशिक्षण शिविर अलग अलग स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है प्रसिद्ध कोरियोग्राफर शिवानी सभी को गरबा के स्टेप्स पर प्रैक्टिस करवा रही है। महिला चेम्बर भिलाई ने सभी गरबा प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर एवं दो दिवसीय गरबा महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएँ। कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय रूप से कार्यकारी अध्यक्ष रश्मि वर्मा,सुनीता सोनी,प्रीति बग्गा व महिला चेम्बर की सभी सदस्य शामिल है। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।
The post महिला चेम्बर भिलाई द्वारा ‘रास रंग गरबा महोत्सव’, 14 व 15 अक्टूबर को होगा भव्य आयोजन appeared first on ShreeKanchanpath.
