छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने शक्कर कारखाना पंडरिया का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं पर दिया जोर

*कलेक्टर ने शक्कर कारखाना पंडरिया का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं पर दिया जोर*

*गन्ना खरीदी, शक्कर उत्पादन और भुगतान व्यवस्था की ली जानकारी*

कवर्धा, 8 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बुधवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने कारखाने में लगी मशीनरी का निरीक्षण करते हुए गन्ने से शक्कर उत्पादन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने गन्ना खरीदी, शक्कर उत्पादन की स्थिति तथा कारखाने की कार्यप्रणाली के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने कारखाने में गन्ना बेचने के लिए आने वाले किसानों की संख्या और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों एवं श्रमिकों को किए जा रहे भुगतान की स्थिति तथा किसानों को भुगतान किए जाने की समय-सीमा के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों को होने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में संचालित गुड़ फैक्ट्रियों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जिले में संचालित गुड़ फैक्ट्रियों की संख्या तथा उनके संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी संकलित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित जानकारी व्यवस्थित रूप से तैयार की जाए, ताकि किसानों और गन्ना उत्पादकों से जुड़े विषयों पर प्रभावी रूप से कार्य किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शक्कर कारखाना परिसर के अंदर सड़क निर्माण की स्थिति की भी जानकारी ली। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के लिए स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और अब टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी। कलेक्टर ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे कारखाना परिसर में आवागमन और किसानों को होने वाली सुविधा में और सुधार हो सके। इस दौरान एसडीएम श्री अमित नाथ योगी, एमडी शक्कर कारखाना, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button