दरभंगा। आसमान में उड़ान भरने वाले दरभंगा हवाई अड्डे की पहचान अब मिथिला के गौरवशाली इतिहास से भी जुड़नी चाहिए। सामाजिक संगठनों ने इस हवाई अड्डे का नामकरण मिथिला के महान दानवीर महाराज कामेश्वर सिंह के नाम पर करने की मांग तेज कर दी है।मांग है कि दरभंगा हवाई अड्डे का नाम ‘सर महाराज कामेश्वर सिंह दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ रखा जाए। इसके पीछे तर्क है कि जिस महाराज ने अपनी अकूत संपत्ति, जमीन और संसाधन मिथिला, बिहार और देश के विकास के लिए समर्पित किए, उन्हें यह सम्मान मिलना चाहिए।
देश के लिए भी खोला था खजाना
विमर्श में वक्ताओं ने महाराज के राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति योगदान का भी उल्लेख किया। कहा कि चीन युद्ध के दौरान उन्होंने देश को विमान और 15 मन सोना दान किया था। उनका योगदान केवल मिथिला तक सीमित नहीं था, बल्कि राष्ट्रीय हितों के लिए भी उन्होंने अपनी संपत्ति का उपयोग किया।





