*साइकिल चलाकर युवाओं ने लगाया फिटनेस का शतक*
*कवर्धा में ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का भव्य आयोजन*
*स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*
कवर्धा नवंबर 2026। युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज स्वामी करपात्री आउटडोर स्टेडियम, कवर्धा में ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला प्रशासन कबीरधाम एवं मेरा युवा भारत कवर्धा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक साइकिल चलाकर ‘फिट इंडिया, हिट इंडिया’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत कवर्धा के उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री गजराज सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, डीएसपी श्री प्रशांत देवांगन, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी श्री संजय मरकाम, जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल, जिला समन्वयक एनसीसी श्री भानु प्रताप साहू, पीजी कॉलेज कवर्धा की एनएसएस प्रभारी डॉ. कविता कनुजिया, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की उप सचिव श्रीमती नीलम यदु सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
साइकिल रैली स्वामी करपात्री आउटडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर जय स्तंभ चौक पहुंची और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः स्टेडियम में संपन्न हुई। इसमें माई भारत यूथ आइकॉन अदिति मिश्रा, माई भारत स्वयंसेवकों, एनसीसी, एनएसएस तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर अतिथियों ने युवाओं को नियमित व्यायाम एवं साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने का भी प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने फिटनेस के प्रति जागरूक रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण जिले में युवाओं की बढ़ती सहभागिता और फिटनेस के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया गया।




