छत्तीसगढ़

वनांचल के 61 बच्चों ने दी नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, कबीरधाम पुलिस की निःशुल्क कोचिंग एवं शैक्षणिक सहयोग से की तैयारी।*

*

*वनांचल के 61 बच्चों ने दी नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, कबीरधाम पुलिस की निःशुल्क कोचिंग एवं शैक्षणिक सहयोग से की तैयारी।*

*परीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव से मिले छात्र-छात्राएं, पुलिस कप्तान ने शैक्षणिक सामग्री वितरित कर बच्चों का बढ़ाया उत्साह।*

*निःशुल्क कोचिंग एवं अस्थायी स्कूलों में योगदान देने वाले शिक्षकगणो को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित।*

कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में वनांचल एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न वनांचल क्षेत्रों के विद्यालयों में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग क्लास एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। कबीरधाम पुलिस की इस पहल से कुल 61 बच्चे लाभान्वित हुए, जिनमें 41 बालक एवं 20 बालिकाएं शामिल हैं।

इस पहल के अंतर्गत समनापुर, पवंतरा, घानीकुटा, धमधई पानी, अंजना, निवासपुर, सरई पतेरा, दरिया, सिल्हारी, बालसमुंद, केरेनार, शीतलपानी, तितली, मोहनटोला, कुमान, ऊसरवाही, नदनी, बोड़लपानी एवं पंडरिया सहित विभिन्न वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के अनुरूप तैयारी कराई गई।

आज नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के पश्चात सभी छात्र-छात्राएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय कबीरधाम पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव से सौजन्य मुलाकात की। पुलिस अधीक्षक ने सभी बच्चों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात कर उनकी परीक्षा की तैयारी एवं अनुभवों के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की तथा उन्हें आगे भी पूरी लगन, अनुशासन एवं मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति, नियमित अध्ययन और मेहनत के बल पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के बच्चों में भी असीम प्रतिभा है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, अवसर और प्रोत्साहन देने की है।

उन्होंने परीक्षा में शामिल होने के महत्व पर विशेष जोर देते हुए बच्चों से कहा कि असफल होने के डर से कभी भी परीक्षा में शामिल होने से पीछे नहीं हटना चाहिए। परीक्षा में बैठना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे हमें अपनी तैयारी का वास्तविक स्तर पता चलता है और यह समझने का अवसर मिलता है कि हमने कितनी तैयारी की है तथा लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आगे कितनी मेहनत और तैयारी की आवश्यकता है। परीक्षा केवल सफलता या असफलता का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें सुधारने और आगे बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर भी है। इसलिए सभी बच्चों को प्रत्येक परीक्षा में पूरे आत्मविश्वास के साथ शामिल होना चाहिए और परिणाम की चिंता किए बिना निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग क्लास एवं अस्थायी स्कूलों में अध्यापन कराने, तथा शासकीय स्कूल के शिक्षक गण जो निःशुल्क
शिक्षण संस्थान में अपना योगदान देते हैं। विभिन्न वनांचल क्षेत्रों के शिक्षकगण तथा संबंधित शासकीय विद्यालयों के शिक्षकगण से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों की तैयारी में शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों एवं महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उपस्थित शिक्षकगणों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही भविष्य में और अधिक संख्या में वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को इस प्रकार की शैक्षणिक सुविधा से जोड़ने तथा उनकी बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

इस दौरान प्रधान आरक्षक घनाराम सिन्हा, आरक्षक कृपा मेरावी सहित विभिन्न वनांचल क्षेत्रों के अस्थायी एवं शासकीय विद्यालयों के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा, मार्गदर्शन और सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराकर उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में सहभागी बनना भी है। कबीरधाम पुलिस द्वारा इस प्रकार की जनहितकारी एवं शैक्षणिक पहल आगे भी निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button