छत्तीसगढ़

ग्राम बनिया के चिन्हित ब्लैक स्पॉट का पुलिस, परिवहन एवं लोक निर्माण विभाग के संयुक्त जांच दल ने किया निरीक्षण

 

*ग्राम बनिया के चिन्हित ब्लैक स्पॉट का पुलिस, परिवहन एवं लोक निर्माण विभाग के संयुक्त जांच दल ने किया निरीक्षण।*

*सड़क दुर्घटना के संभावित कारणों का बारीकी से किया परीक्षण, झाड़ियों की कटाई, सड़क पर दृश्यता बेहतर बनाने एवं वाहन चालकों को गति सीमा के पालन हेतु जागरूक करने के दिए निर्देश।*

कबीरधाम जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चौकी रणवीरपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बनिया के पास चिन्हित ब्लैक स्पॉट का पुलिस, परिवहन एवं लोक निर्माण विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण पुलिस मुख्यालय, अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा), नवा रायपुर के निर्देशानुसार किया गया।

संयुक्त जांच दल में पुलिस मुख्यालय रायपुर के रोड सेफ्टी सेल से श्री दिनेश टंक, जिला परिवहन अधिकारी कवर्धा श्री गौरव पाटले, लोक निर्माण विभाग कवर्धा से श्रीमती अल्का डडसेना, चौकी प्रभारी रणवीरपुर उप निरीक्षक श्री सिकंदर कुर्रे तथा यातायात एवं रोड सेफ्टी सेल कबीरधाम से सहायक उप निरीक्षक श्री कृष्ण कुमार चंद्रवंशी शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा दुर्घटनास्थल एवं आसपास के सड़क मार्ग का विस्तृत अवलोकन किया गया। सड़क की स्थिति, मार्ग की बनावट, सड़क के किनारे की परिस्थितियों तथा वाहन चालकों को उपलब्ध दृश्यता (विजिबिलिटी) का बारीकी से परीक्षण किया गया। दुर्घटना की संभावित परिस्थितियों एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का विभागीय समन्वय के साथ आकलन किया गया।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहनों को देखने में बाधा उत्पन्न होने की संभावना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को झाड़ियों की कटाई एवं सफाई कराकर सड़क पर पर्याप्त दृश्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थल पर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने, वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन कराने तथा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक बिंदुओं पर संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया तथा आवश्यक रिपोर्ट तैयार किया गया।

उल्लेखनीय है कि दिनांक- 11.11.2026 को भाई दूज के दिन चौकी रणवीरपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बनिया के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई थी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई थी तथा दो अन्य लोग घायल हुए थे। दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल पर सवार ग्राम बनराका, थाना थान खम्हरिया, जिला बेमेतरा निवासी भूपेन्द्र कश्यप उम्र लगभग 40 वर्ष, उनकी पुत्री ऋतु कश्यप उम्र 12 वर्ष एवं पुत्र पंकज कश्यप उम्र 06 वर्ष की मृत्यु हो गई थी। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पल्सर में सवार ग्राम नवघटा, थाना सहसपुर लोहारा निवासी भावेश सिन्हा उम्र 18 वर्ष की भी मृत्यु हो गई थी। दूसरी मोटरसाइकिल में सवार तोमन मरावी उम्र 18 वर्ष एवं भानुप्रताप सिंह उम्र 17 वर्ष दुर्घटना में घायल हुए थे।

उक्त गंभीर सड़क दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकने तथा दुर्घटनास्थल पर सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों का परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के उद्देश्य से संयुक्त जांच दल द्वारा निरीक्षण किया गया, ताकि संबंधित विभागों के समन्वय से दुर्घटना संभावित परिस्थितियों को कम किया जा सके।

कबीरधाम पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार एवं आम नागरिकों के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए पुलिस, परिवहन एवं लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण एवं आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button