छत्तीसगढ़

विद्यार्थियों से संवाद कर जानी सुविधाएं, एआई और तकनीकी दक्षता से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर दिया जोर

*वनांचल के आईटीआई में कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, विद्यार्थियों से लिया प्रशिक्षण का फीडबैक*

*विद्यार्थियों से संवाद कर जानी सुविधाएं, एआई और तकनीकी दक्षता से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर दिया जोर*

*इलेक्ट्रिशियन विद्यार्थियों को टीम बनाकर तकनीकी सेवाओं से भविष्य में स्वरोजगार शुरू करने किया प्रेरित*

कवर्धा, अक्टूबर 2026। पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम मोहतरा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान में संचालित फिटर, कोपा और इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की कक्षाओं एवं प्रायोगिक कक्षों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रायोगिक कार्य और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।

फिटर ट्रेड की कक्षा में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण में सिखाए जा रहे कार्यों और प्रायोगिक गतिविधियों के बारे में पूछा। उन्होंने उपकरणों के उपयोग और प्रशिक्षण के दौरान आने वाली कठिनाइयों की जानकारी ली। प्रायोगिक कक्ष में उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

कोपा ट्रेड की कक्षा और प्रायोगिक कक्ष का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कंप्यूटर प्रशिक्षण के विषयों और उसके व्यावहारिक उपयोग के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर और नई तकनीक आज रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के भी महत्वपूर्ण साधन बन चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते क्षेत्र की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें बेहतर करियर की संभावनाएं हैं। तकनीक का सकारात्मक उपयोग कर विद्यार्थी अपने कौशल को नई दिशा दे सकते हैं। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से यह भी जाना कि वे किन-किन गांवों से आईटीआई में प्रशिक्षण लेने आते हैं। विद्यार्थियों ने आसपास के गांवों से नियमित रूप से संस्थान पहुंचकर प्रशिक्षण लेने की जानकारी दी।

इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की कक्षा में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम में पढ़ाए जाने वाले विषयों और उनके भविष्य में उपयोग के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आगे बढ़ा जा सकता है। विद्यार्थियों को टीम बनाकर काम करने की सलाह देते हुए उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित युवा समूह के रूप में घर-घर इलेक्ट्रिकल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ बड़े कार्य भी ले सकते हैं। इससे एक साथ कई लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार हो सकते हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल भी देखे। विद्यार्थियों ने मॉडल की कार्यप्रणाली और उपयोग की जानकारी दी। कलेक्टर ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए प्रायोगिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और निरंतर सीखने पर जोर दिया। इस दौरान एसडीएम श्री अमित नाथ योगी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button