छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री ने सीएपीएफ में चयनित 14 युवाओं को किया सम्मानित

*सीएपीएफ में चयन होकर देश की सेवा करना हर युवा के लिए गर्व की बात है- उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा*

*उप मुख्यमंत्री ने सीएपीएफ में चयनित 14 युवाओं को किया सम्मानित*

कवर्धा, फरवरी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कवर्धा में एसएससी जीडी परीक्षा के माध्यम से सीएपीएफ में चयनित 14 युवाओं को सम्मानित किया। इन युवाओं का चयन सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और एसएसबी जैसी केंद्रीय सुरक्षा बलों में हुआ है। यह सम्मान समारोह कवर्धा के स्वामी करपात्री जी आउटडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहाँ उप मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुषमा गणपत बघेल, उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी, पार्षद श्री बिहारी धुर्वे, श्री अजय ठाकुर, योगेश चंद्रवंशी, श्री नरेन्द्र मानिकपुरी, श्री मनिराम साहू, श्री उमंग पाण्डेय, श्री निर्मल द्धिवेदी, श्री निशांत झा, श्री शानू साहु सहित जनप्रतिनिधि, चयनित युवा उपस्थित थे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों में चयन होना गर्व की बात है। इससे देश की सेवा करने का सुनहरा अवसर मिलता है। उन्हें देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर आंतरिक सुरक्षा तक का महत्वपूर्ण जिम्मा मिला है। उन्होंने कहा कि इन सुरक्षा बलों में देशभर के अलग-अलग स्थानों पर काम करने और अनुभव प्राप्त करने का मौका मिलता है। यदि कोई युवा अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर मेहनत करता है, तो सफलता जरूर मिलती है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बीएसएफ के जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा में दिन-रात तन-मन से जुटे रहते हैं। सीआरपीएफ के जवान आंतरिक सुरक्षा और नक्सल विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाते हैं और बस्तर जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा बनाए रखते हैं। आईटीबीपी के जवान चीन सीमा पर ऊँचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में तैनात रहते हैं और उनकी तकनीकी व्यवस्था बहुत मजबूत होती है। वहीं, सीआईएसएफ हवाई अड्डों, परमाणु संयंत्रों और औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा का जिम्मा संभालती है। उन्होंने कहा कि इन सभी सुरक्षा बलों के कारण पूरे देश को सुरक्षा का भरोसा मिलता है। ऐसे सुरक्षा बलों में चयन होना हर युवा के लिए गर्व की बात है। सभी बटालियनों की अपनी परंपरा, नीति और परेड की अलग पहचान होती है। आने वाले समय में चयनित युवा इन सुरक्षा बलों का हिस्सा बनकर देश सेवा में आगे बढ़ेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कोच आरक्षक 17 वी बटालियन श्री सुनील सरोज की सराहना करते हुए कहा कि वे छात्रों के सपनों को अपना लक्ष्य मानकर दिन-रात मेहनत करते हैं। उनके प्रयासों के कारण ही आज इतने युवाओं का चयन संभव हो पाया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मेहनती और समर्पित लोगों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में डेढ़ सौ से अधिक युवाओं का चयन हुआ है, जो केवल निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। यह उपलब्धि कवर्धा और आसपास के क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

*सीएपीएफ में चयनित हुए 14 युवा*

कोच आरक्षक 17वीं बटालियन के श्री सुनील सरोज ने बताया कि सेनानी 17वीं बटालियन श्री कमलेश्वर प्रसाद चंदेल के मार्गदर्शन में इंडियन आर्मी योद्धा ग्रुप का संचालन किया जा रहा है। इस ग्रुप के माध्यम से युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 3 वर्षों में 150 से अधिक युवाओं का चयन पुलिस, नगर सैनिक, फॉरेस्ट विभाग, आर्मी और अग्निवीर जैसी परीक्षाओं में हुआ है और वे आज देश की सेवा कर रहे हैं। यह प्रशिक्षण कबीरधाम जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं, ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले को यहां निशुल्क सहायता और मार्गदर्शन दिया जाता है, ताकि वे अच्छी तैयारी कर सकें। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में 65 युवाओं ने अग्निवीर की शारीरिक परीक्षा (फिजिकल) दी है और सभी युवा सफल रहे हैं। आने वाले समय में इन युवाओं का भी अग्निवीर में चयन होने की पूरी संभावना है। उन्होंने बताया कि सीएपीएफ में 14 युवाओं का चयन हुआ है इनमें गौप्रताप साहू, सोनू खरे, संजय कुमार, चुम्मन कुमार, दिव्यांश भारती, निलेश चेलकर, चंद्रभान गोयल, अजय कुमार साहू, अभिषेक ध्रुव, देवराज ध्रुव, गजानंद मात्रे, दुर्गेश कुमार, बलराम धुर्वे, शुभांशु चंद्रवंशी शामिल है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button