*गुरु रविदास जी के विचार पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत-उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा*
*उप मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की*
*उप मुख्यमंत्री संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती पर कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल*
कवर्धा, फरवरी 2025। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी केवल किसी एक समाज के आराध्य नहीं हैं, बल्कि उनके विचार और आदर्श पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समानता, शिक्षा, श्रम और सामाजिक समरसता का जो मार्ग दिखाया, उसी के मार्गदर्शन में आज समाज निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज आगे बढ़ने का संकल्प ले रहा है और आज पूरा समाज एकजुट होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर कवर्धा में समाज द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने संत रविदास गुरुद्वारा मंगल भवन प्रांगण में भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की। कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास गुरुद्वारा पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने गुरु रविदास जी के प्रतिमा के समक्ष श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास के अध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार मिर्धा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, श्री नितेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश था कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा की ज्योति हर घर में जलती रहनी चाहिए। शिक्षा के माध्यम से ही समाज आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बन सकता है। आज उनके विचारों के कारण समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के मार्गदर्शन में समाज में अनेक परिवर्तन आए हैं और उनके विचारों का प्रभाव आज पूरे भारतीय समाज पर दिखाई देता है। सामाजिक समानता, आपसी भाईचारा और मेहनत की गरिमा जैसे मूल्यों को उन्होंने अपने जीवन और वाणी से स्थापित किया। यही कारण है कि आज भी उनके विचार उतने ही प्रासंगिक हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने आगे कहा कि जब समाज आगे बढ़ता है तो उसमें सभी वर्गों की सहभागिता भी बढ़ती है। समाज की एकता और सहभागिता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने समाज के लोगों से गुरु रविदास जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने और शिक्षा, एकता व समरसता के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।





