देश दुनिया

प्रेमानंद के आश्रम से गायब हुआ मयंक प्रयागराज में मिला, पिता बोले- साधु का वेश बना रखा था

संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर अपने गायब बच्चों की तलाश में प्रदर्शन करने वाले दो परिवारों को उनके घर के चिराग सकुशल वापस मिल गए हैं। हाथरस के सादाबाद के अनुज चौधरी के बाद पुलिस ने कासगंज के मयंक चौहान को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मयंक की बरामदगी प्रयागराज के दारागंज इलाके से होने का दावा किया गया है। मयंक के परिजन उसे लेने के लिए प्रयागराज रवाना हो गए हैं, जबकि अनुज को सादाबाद पुलिस द्वारा सोमवार को न्यायालय में पेश करेगी। सादाबाद के अनुज चौधरी की बरामदगी जहां हाथरस पुलिस ने मथुरा पुलिस के सहयोग से बरसाना के लाड़ली दास आश्रम से की है। वहीं देर रात प्रयागराज पुलिस ने कासगंज के मयंक चौहान को सकुशल बरामद कर उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया है।

कासगंज का मयंक प्रयागराज में मिला

इस मामले में मयंक के पिता चंद्रपाल सिंह ने फोन पर बताया कि देर रात डेढ़ बजे उन्हें प्रयागराज के दारागंज थाने से फोन आया कि उनका बेटा मयंक उनकी कस्टडी में है। जिसे उन्होंने न्यूज चैनल की ख़बर में देखकर पहचाना है। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे से वीडियो कॉल पर बात कर तस्दीक किया। पिता चंद्रपाल के अनुसार मयंक ने सफेद रंग का साधु वेश धारण किया हुआ है। माथे पर मिट्टी का लेपन और गले में राधा नाम की कंठी थी।

बरसाने से अनुज चौधरी की बरामदगी हुई

अपने बेटे को पहचान कर उन्होंने उसके मामा को सूचित किया जो प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने मयंक को दारागंज पुलिस से अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है। इसी तरह कल रात बरसाने से बरामद हुए अनुज चौधरी के पिता ने बताया कि सादाबाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। उनका बेटा अभी तक उनकी सुपुर्दगी में नहीं दिया गया है। अनुज चौधरी को हाथरस पुलिस ने बरसाना के एक आश्रम से सकुशल बरामद किया था।

वृंदावन से गायब हुआ था अनुज

आपको बता दें कि सादाबाद के गांव बरामई खेड़ा के रहने वाले राजवीर चौधरी का बेटा अनुज (17) तीन जुलाई को वृंदावन के लिए निकला था। 26 जून को संत प्रेमानंद से दीक्षा लेने के बाद वो घर लौट गया था। तीन जुलाई को फिर वृंदावन आ गया। तब से अनुज के परिजन उसे तलाश रहे थे। शुक्रवार को अनुज के परिजनों संग बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रेमानंद के राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर धरना दिया था।

परिजनों ने आश्रम के बाहर धरना दिया

करीब आठ घंटे बाद रात आठ बजे पुलिस के आश्वासन के बाद धरना खत्म किया था। शनिवार अनुज की सकुशल बरामदगी की ख़बर सामने आ गई। अनुज के परिजनों के अनुसार सादाबाद पुलिस ने अनुज को बरसाना के एक आश्रम से बरामद किया है। हालांकि पुलिस द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सादाबाद इंस्पेक्टर   सिंह ने बताया कि किशोर को बरसाना से सकुशल बरामद कर लिया है।

 

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button