समस्तीपुर. हर किसान चाहता है कि खेती में मेहनत कम हो, समय बचे और फसल की पैदावार भी बढ़े. समस्तीपुर जिले के किसानों के लिए यह सपना अब साकार होता नजर आ रहा है. डॉ. राजेंद्र प्रसाद सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, पूसा के वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए एक ऐसा अनोखा पौधा लगाने वाला यंत्र तैयार किया है, जो मिनटों में कई पौधे लगाने की क्षमता रखता है. खास बात यह है कि किसान को अब बार-बार झुकने या घंटों मेहनत करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी. मिर्च, पपीता, नींबू या किसी भी सब्जी के पौधे अब केवल एक मशीन से सीधे खेत में लगाए जा सकते हैं, वो भी 12 से 18 पौधे प्रति मिनट की रफ्तार से. यह यंत्र खेती को आसान ही नहीं, बल्कि अत्यधिक लाभकारी भी बना रहा है.
वैज्ञानिकों की मेहनत से बनी मशीन
इस मशीन को डॉ. प्रणव और उनकी टीम ने तैयार किया है, जिनका उद्देश्य है – खेती को ज्यादा वैज्ञानिक और सहज बनाना. खेत में पौधे लगाने के दौरान किसानों को अक्सर पीठ दर्द, थकावट और समय की भारी बर्बादी का सामना करना पड़ता है. लेकिन अब यह मशीन बिना झुके, सीधे खड़े होकर पौधे लगाने की सुविधा देती है. इससे खासकर उम्रदराज किसानों और महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी. एक किसान ने बताया कि पहले एक एकड़ खेत में पौधे लगाने में कई घंटे लगते थे, अब यह काम एक तिहाई समय में पूरा हो जाता है.खेती के इस नए यंत्र से किसानों को न सिर्फ आराम मिलेगा, बल्कि सटीकता और उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी.
कीमत मात्र ₹1800
जहां बाजार में आने वाले कई कृषि यंत्र किसानों की पहुंच से बाहर होते हैं, वहीं यह मशीन एक सुखद आश्चर्य लेकर आई है. बता दें कि इस मशीन का अनुदान कट करके इसकी कीमत केवल ₹1800 रखी गई है, जिसे हर छोटा-बड़ा किसान आराम से खरीद सकता है. न कोई भारी खर्च, न कोई तकनीकी झंझट – सिर्फ सरल उपयोग और तुरंत लाभ. यदि कोई किसान भाई इस यंत्र को खरीदना चाहता है तो वह डॉ. राजेंद्र प्रसाद सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, पूसा से सीधा संपर्क कर सकता है. यूनिवर्सिटी की टीम किसानों को लाइनअप कर इस उपकरण को उपलब्ध करा रही है. यह मशीन किसानों की मेहनत को कम कर, खेती को कुशल और मुनाफे वाला व्यवसाय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है





