मुंबई। मुंबई के गोरेगांव ईस्ट की फिल्म सिटी में सोमवार को शूटिंग के लिए बने एक अस्थायी सेट पर आग लग गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। यह आग रिलायंस मीडियावर्क्स के पास, प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे बने सेट पर लगी। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग लगने की सूचना शाम 4:02 बजे मिली और इसे लेवल-वन की घटना माना गया। आग लगभग अस्थायी पीसीआर यूनिट तक ही सीमित रही। बताया जा रहा है कि यहां पर रणवीर कपूर की फिल्म रामायण की शूटिंग हो रही थी।
एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक आग से इलेक्ट्रिकल वायरिंग, बिजली के उपकरण, केबल, दरवाजे, लकड़ी के तख्ते, एसी यूनिट, बांस और प्लास्टिक का सामान, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ा बाकी सामान खराब हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और शाम 4:55 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मौके पर बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी वार्ड कंट्रोल और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें तैनात की गईं हैं।
The post रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ के सेट पर लगी आग…. मचा हड़कंप appeared first on ShreeKanchanpath.




