Blog

कोरबा के कुसमुंडा खदान में आमने-सामने टकराए टेलर, एक चालक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की सबसे बड़ी कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा हो गया है। खदान के अंदर दो भारी ट्रेलर वाहनों में आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में एक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद खदान में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मिली जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा माइंस में कोयला परिवहन का काम नीलकंठ कंपनी को मिला है, जिसने पीकेएस कंपनी को पेटी ठेके पर काम दे रखा है। शनिवार दोपहर दोनों कंपनियों के ट्रेलर वाहन खदान में कोयला परिवहन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों ट्रेलर आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का चालक केबिन में ही फंस गया।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर चालक को केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक चालक की पहचान विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है, जो रेलिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वह पिछले कई महीनों से कंपनी में चालक के रूप में काम कर रहा था। वहीं, दूसरे वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना के बाद खदान में बड़ी संख्या में कर्मचारी और ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों ने कंपनी प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाइश दी। परिजनों ने मृतक के लिए उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी। प्रबंधन की ओर से मांगों पर सहमति दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ।

The post कोरबा के कुसमुंडा खदान में आमने-सामने टकराए टेलर, एक चालक की मौत, दूसरा गंभीर घायल appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button