*विज्ञान को आसान और रोचक बनाएगा ऊर्जा पार्क का साइंस पार्क*
*34 से अधिक वैज्ञानिक मॉडल के जरिए बच्चों को मिलेगा सीखने और प्रयोग करने का अवसर*
*कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने साइंस पार्क का लिया जायजा, सुविधाएं पूरी करने के निर्देश*
कवर्धा, 30 सितंबर 2026। कबीरधाम जिले के मजगांव रोड स्थित ऊर्जा पार्क परिसर में विकसित किए गए साइंस पार्क का कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में स्थापित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन कर बच्चों एवं विद्यार्थियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई, आवश्यक सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, एसडीएम श्री चेतन साहू, डीईओ श्री एफ आर वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*34 से अधिक वैज्ञानिक मॉडल से समझेंगे विज्ञान*
बच्चों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से ऊर्जा पार्क परिसर में साइंस पार्क तैयार किया गया है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के सहयोग से यहां विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल स्थापित किए गए हैं। इन मॉडलों को बी.एम. बिड़ला विज्ञान केन्द्र, हैदराबाद द्वारा डिजाइन एवं विकसित किया गया है। साइंस पार्क में गुरुत्व केंद्र, ध्वनि संचरण, न्यूटन के गति के नियम, सौर ऊर्जा, ऑप्टिकल भ्रम और पास्कल सिद्धांत सहित 34 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग एवं प्रदर्शन मॉडल लगाए गए हैं। इनके माध्यम से बच्चे विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को प्रयोग और गतिविधियों के जरिए सरल एवं रोचक तरीके से समझ सकेंगे।
*साफ-सफाई और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश*
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों और आगंतुकों की सुविधा के लिए शौचालय सहित अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था समय पर पूरा करने को कहा। साथ ही शेष निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को शीघ्र पूरा कर परिसर को आकर्षक स्वरूप देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि साइंस पार्क जिले के बच्चों और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं रुचि बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने पार्क की व्यवस्थाओं को इस तरह विकसित करने पर जोर दिया, ताकि यहां आने वाले बच्चे विज्ञान को देखकर, समझकर और प्रयोग करके सीख सकें। ऊर्जा पार्क परिसर में तैयार साइंस पार्क का जल्द ही शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद जिले के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को यहां स्थापित वैज्ञानिक मॉडलों और प्रयोगों को देखने तथा उनके माध्यम से विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा।




