*फिंगरप्रिंट एवं आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण सम्पन्न : वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग से अपराध विवेचना होगी और सशक्त।*
कबीरधाम, 05 अगस्त 2026
पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में बुधवार को एकता चौक स्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के समस्त थाना एवं चौकी के विवेचना अधिकारियों, सहायक उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों के लिए फिंगरप्रिंट एवं आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार द्वारा फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ एवं वैज्ञानिक अधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार भारती के स्वागत के साथ हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपराध अनुसंधान में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग से न केवल अपराधों की विवेचना अधिक सटीक एवं परिणामोन्मुख बनती है, बल्कि अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाते हुए दैनिक कार्यों में वैज्ञानिक विधियों को अपनाने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण सत्र में फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ श्री धर्मेंद्र कुमार भारती द्वारा घटनास्थल से चांस फिंगरप्रिंट प्राप्त करने की वैज्ञानिक प्रक्रिया, फिंगरप्रिंट की पहचान एवं संरक्षण, फिंगरप्रिंट डेवलपिंग किट के उपयोग तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन एवं विश्लेषण के संबंध में विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त एन.ए.एफ.आई.एस (NAFIS), एम.सी.यू. (MCU) एवं अन्य आधुनिक वैज्ञानिक विवेचना प्रणालियों के संबंध में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान अपराध स्थल से प्राप्त साक्ष्यों के संरक्षण, अज्ञात आरोपियों की पहचान तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में जिले के समस्त थाना एवं चौकी से उपस्थित विवेचना अधिकारियों, सहायक उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए वैज्ञानिक अनुसंधान से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण के माध्यम से आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों के उपयोग द्वारा अपराधों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार द्वारा फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार भारती को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी विधियों में दक्ष बनाना, घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों के वैज्ञानिक विश्लेषण को प्रोत्साहित करना तथा अपराध विवेचना को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाना है। कबीरधाम पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी नवाचारों के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी विवेचना के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यशाला के सफल आयोजन एवं संचालन में एम.सी.यू. प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक श्री चन्द्रभूषण सिंह, प्रधान आरक्षक मनीष सोनी, एवं एन.ए.एफ.आई.एस. प्रभारी श्री चेतक नाथ योगी आरक्षक यशवंत तिवारी का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।





