*सेवा संकल्प अभियान के तहत बकरी एवं भेड़ वंशीय पशुओं का पीपीआर रोग से बचाव का किया टीकाकरण*
*विभिन्न गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में पशुपालकों को घर पहुंच स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध*
कवर्धा, सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कबीरधाम जिले के विभिन्न ग्रामों एवं शहरी क्षेत्रों में बकरी एवं भेड़ वंशीय पशुओं को पीपीआर रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पशुपालन विभाग की टीम द्वारा पशुपालकों तक पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही पशुपालकों को आवश्यक पशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं घर पहुंच सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
अभियान के दौरान पशुपालन विभाग की मैदानी टीम द्वारा गांव-गांव पहुंचकर बकरी एवं भेड़ वंशीय पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए पात्र पशुओं का पीपीआर रोग के विरुद्ध टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण के साथ पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, स्वच्छता, समय पर उपचार तथा रोगों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जा रही है। पीपीआर एक संक्रामक रोग है, जो मुख्य रूप से छोटे जुगाली करने वाले पशुओं जैसे बकरी एवं भेड़ को प्रभावित करता है। ऐसे में समय पर टीकाकरण पशुओं को रोग से बचाने तथा पशुपालकों को संभावित आर्थिक नुकसान से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित इस पहल का उद्देश्य पशुपालकों को उनके घर एवं गांव के आसपास ही पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा पशुधन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूक करना है। विभागीय अमले द्वारा पशुपालकों से अपील की जा रही है कि वे अपने बकरी एवं भेड़ वंशीय पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं और पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम पशु चिकित्सा केंद्र अथवा विभागीय मैदानी अमले से संपर्क करें।





