छत्तीसगढ़

बच्चों की मुस्कान के लिए जिले के नागरिक, शिक्षक और मितानिन आगे आए, आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना दान कर निभा रहे सहभागिता

*आंगन मिलन सेवा के तहत कबीरधाम में जनभागीदारी की मिसाल, आंगनबाड़ियों में पहुंच रहे खिलौने*

*बच्चों की मुस्कान के लिए जिले के नागरिक, शिक्षक और मितानिन आगे आए, आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना दान कर निभा रहे सहभागिता*

कवर्धा, सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कबीरधाम जिले में संचालित ‘आंगन मिलन सेवा’ गतिविधि के तहत समुदाय की सहभागिता लगातार बढ़ रही है। जिले के नागरिक, ग्रामीण, शिक्षक एवं विभिन्न वर्गों के लोग अपने आसपास के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खिलौने दान कर रहे हैं। इस पहल से आंगनबाड़ी केंद्रों में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए खेल एवं मनोरंजन के साधन उपलब्ध हो रहे हैं, वहीं समाज में सहयोग और जनभागीदारी की भावना भी मजबूत हो रही है।

*श्रीमती माला कश्यप ने बच्चों के लिए दान किए 1 हजार रुपये के खिलौने*

आंगनबाड़ी केंद्र लखनपुर क्रमांक 01 में ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत जनभागीदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। दुर्ग में रहने वाली श्रीमती माला कश्यप ने आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित स्टेटस देखा और बच्चों के लिए खिलौने दान करने की इच्छा व्यक्त की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क करने के बाद उन्होंने अपनी इच्छा से केंद्र के बच्चों के लिए 1हजार रुपये के खिलौने दान किए। श्रीमती माला कश्यप ने खिलौने दान करने के बाद बच्चों की खुशी को ही अपनी सबसे बड़ी खुशी बताया। उन्होंने बच्चों की प्रसन्नता को प्राथमिकता देते हुए फोटो भेजने की आवश्यकता भी नहीं समझी। उनकी इस भावना से यह संदेश मिलता है कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए सहयोग का उद्देश्य प्रचार नहीं, बल्कि सेवा और आत्मिक संतोष होना चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्र लखनपुर क्रमांक 01 की कार्यकर्ता ने श्रीमती माला कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे और केंद्र के सभी नन्हे-मुन्ने बच्चे उनके सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल अन्य लोगों को भी बच्चों के लिए सहयोग करने की प्रेरणा देती है।

*झलमला और रेंगाखार सेक्टर में भी बढ़ रही सहभागिता*

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के झलमला एवं रेंगाखार सेक्टर में भी नागरिकों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पुराने एवं उपयोगी खिलौने उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पहल से बच्चों को खेल-खेल में सीखने और मनोरंजन के अवसर मिल रहे हैं। समुदाय की यह भागीदारी आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए और अधिक आनंदमय एवं उपयोगी बनाने में सहयोग कर रही है।

*प्रधानपाठक और मितानिन दीदी ने भी दिया सहयोग*

‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत कन्हारी के प्रधानपाठक द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में खिलौने प्रदान किए गए। इसी प्रकार मितानिन दीदी ने आंगनबाड़ी केंद्र मंगली क्रमांक 01 के बच्चों के लिए खिलौने दान किए। इन प्रयासों से यह स्पष्ट होता है कि बच्चों के विकास और खुशियों के लिए समाज के विभिन्न वर्ग स्वेच्छा से आगे आ रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेल सामग्री एवं खिलौनों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ समुदाय को बच्चों के विकास से जोड़ना है। नागरिकों, शिक्षकों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों सहित सभी वर्गों की सहभागिता से यह पहल जनभागीदारी और सेवा भावना का उदाहरण बन रही है। बच्चों के लिए खिलौना दान करने की यह पहल न केवल उनके चेहरे पर मुस्कान ला रही है, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत कर रही है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button