देश दुनिया

सितंबर में बोएं इन 5 फूलदार पौधों के बीज, सर्दियों तक खुशबू से महक उठेगा गार्डन

गार्डन में खिलने वाले फूल न सिर्फ खूबसूरती बढ़ाते हैं बल्कि आसपास का माहौल भी खुशनुमा बना रहता है। रंग-बिरंगे फूलों को खिलता हुआ देखते ही चेहरे पर मुस्कान आ जाती है और दिल खुश हो जाता है। यही वजह है कि ज्यादातर लोग गार्डन में फल, सब्जियों और सजावटी पौधों के अलावा फूलों वाले पौधे लगाना पसंद करते हैं। फूलदार पौधों को बीज, कटिंग और पौधे से लगाया जा सकता है। पौधों के बीजों को मौसम के अनुसार बोया जाता है। अगर आप सर्दियों में गार्डन को फूलों से महकाना चाहते हैं, तो सितंबर या उसके अंत तक कुछ बीजों को लगा सकते हैं।

सितंबर में मौसम दिन की अपेक्षा रात में ठंडा रहता है। यही वजह है कि सर्दियों में खिलने वाले फूलों के बीजों को अंकुरित होने के लिए सही मौसम मिल जाता है। आइए जानते हैं उन फूलदार पौधों के बारे में जिनके बीज इस मौसम में लगाए जा सकते हैं।

सिनेरिया

सर्दियों में खिलने वाले सजावटी फूल सिनेरिया को आप गार्डन की शोभा बढ़ाने के लिए लगा सकते हैं। जिस क्यारी में धूप नहीं आती ये फूल उनमें भी रौनक ला सकते हैं। इन पौधों पर फूल गुच्छों में खिलते हैं और दिखने में बहुत खूबसूरत लगते हैं। सर्दियों में अगर धूप नहीं आ रही है, तो भी ये फूल खिलते रहते हैं।

नेमेसिया

ये खूबसूरत फूल 3 से 4 घंटे की धूप वाली जगह पर आसानी से लग जाते हैं। इन्हें 6 से 7 इंच के कंटेनर में लगाया जा सकता है। सितंबर के अंत में दिन भले ही गर्म हो लेकिन रात में ठंडा मौसम हो जाता है। ऐसे में नेमेसिया के बीजों को लगाया जा सकता है।

डेजी (गुलबहार)

सर्दियों में खिलने वाले फूलों में डेजी का नाम भी शामिल है। इन्हें गुलबहार भी कहा जाता है। इसे आप 6 से 8 इंच के गमले या ट्रे में लगा सकते हैं। इन्हें गर्मी पसंद नहीं है इसलिए आप सितंबर के अंत में बीजों को बोएं ताकि इनकी ग्रोथ अच्छी तरह हो सके।

पेटूनिया

इन फूलों के बीज धूल के कण की तरह होते हैं। इसलिए इन्हें लगाते समय सावधानी बरतें। इनके बीजों को ट्रे में लगा रहे हैं, तो ऊपर से पानी न दें। ट्रे के नीचे पानी रख दें ताकि पौधे नमी सोख लें। जिससे बीज अच्छी तरह अंकुरित हो सकें। इसे आप हैंगिंग बास्केट पर भी लगा सकते हैं।

ल्यूपिन

सर्दियों में खिलने वाले यह फूल दिखने में बहुत खूबसूरत लगते हैं। ये फूल कैंडल की तरह लंबे होते हैं। इनके बीज लगाने के लिए सीड ट्रे या ग्रो बैग का इस्तेमाल न करें। आप जिस जगह इन फूलों को लगाना चाहते हैं, वहीं पर इनके बीजों को बोएं। इन फूलों के बीज सख्त होते हैं, तो इसके लिए आप सैंड पेपर से इन्हें घिस सकते हैं। इन्हें 6 से 7 घंटे पानी में भिगोकर रखें। फिर इन्हें मिट्टी में बोएं। गमले में उगा रहे हैं, तो करीब 10 से 12 इंच का गमला रखें। बीजों को ऐसी जगह लगाएं जहां पर कम से कम 3 से 4 घंटे की धूप आती हो।

बीज उगाने के लिए मिट्टी का मिश्रण

सर्दियों में फूलों से गार्डन को खूबसूरत बनाना चाहते हैं, तो सितंबर में कुछ फूलदार पौधे के बीजों को बो सकते हैं। हालांकि इसके लिए मिट्टी का मिश्रण अगर सही नहीं होगा, तो बीजों को अंकुरित होने में समय लग सकता है। इसके लिए आप 60 प्रतिशत कोकोपीट, 30 प्रतिशत वर्मी कम्पोस्ट, 10 प्रतिशत रेत और एक या दो चम्मच हल्दी पाउडर डाल सकते हैं। इससे फंगस की समस्या न हो। आप चाहें तो बीज को मिट्टी में भी लगा सकते हैं लेकिन इससे बीजों के अंकुरित होने का प्रतिशत कम हो सकता है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button