*त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन दिसंबर-2026 के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त*
*निर्वाचन की प्रत्येक गतिविधि के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व*
कवर्धा, नवंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति ने त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन दिसंबर-2026 की प्रत्येक गतिविधि के सुचारू एवं व्यवस्थित क्रियान्वयन तथा निर्वाचन कार्यों के समयबद्ध संपादन के लिए नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। नियुक्त अधिकारियों को निर्वाचन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति ने नियुक्त अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में गंभीरतापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन दिसंबर-2026 की सभी गतिविधियां सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
जारी आदेश के अनुसार कानून एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार पैकरा को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए उप पुलिस अधीक्षक कबीरधाम एवं संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दंडाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इनके द्वारा आदर्श आचरण संहिता के पालन के लिए दल गठन तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की कार्यवाही की जाएगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल को जाबो कार्यक्रम तथा कार्मिक कल्याण एवं रिजर्व दल का दायित्व सौंपा गया है। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के सहयोग से पुनरीक्षण कार्य एवं निर्वाचन संबंधी गतिविधियों का प्रचार-प्रसार, मतदान कर्मियों के लिए आवश्यक व्यवस्था तथा रिजर्व मतदान कर्मियों की सूची तैयार कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
सहायक संचालक शिक्षा विभाग श्री एम.के. गुप्ता को प्रशिक्षण एवं मतगणना का दायित्व सौंपा गया है। उनके द्वारा पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी, जोनल अधिकारी, मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी दल तथा मतगणना दल के प्रशिक्षण की योजनाबद्ध व्यवस्था की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा को मानव संसाधन का दायित्व सौंपा गया है। उनके सहयोग के लिए संबंधित अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इनके द्वारा मतदान दल एवं मतगणना दल का गठन किया जाएगा। डिप्टी कलेक्टर श्री संजय मरकाम को परिवहन योजना का दायित्व सौंपा गया है। जिला परिवहन अधिकारी के सहयोग से मतदान दल, सेक्टर अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं प्रेक्षकगण के लिए आवश्यक वाहनों का समय पूर्व आकलन कर शासकीय एवं निजी वाहनों का अधिग्रहण तथा उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही वाहनों में ईंधन की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिला कोषालय अधिकारी श्री योगेश शुक्ला को मतपत्रों की व्यवस्था तथा मतपत्र मुद्रण एवं प्रूफ रीडिंग का दायित्व सौंपा गया है। उनके द्वारा संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के सहयोग से मतपत्रों की व्यवस्था, प्रूफ रीडिंग तथा निर्धारित समय-सीमा में मुद्रण कार्य पूर्ण कराया जाएगा। अपर कलेक्टर श्री रामप्रसाद आंचला को मतदान केंद्रों तक आवागमन की सुविधा के लिए रूट निर्धारण एवं रूटचार्ट तैयार कराने की जिम्मेदारी दी गई है। डिप्टी कलेक्टर सुश्री रूचि शार्दुल को शिकायत सेल का दायित्व सौंपा गया है। उनके सहयोग के लिए श्रीमती शीतला चंद्रवंशी, सहायक ग्रेड-3, जिला कार्यालय कबीरधाम को नियुक्त किया गया है। शिकायत सेल द्वारा निर्वाचन नियमों के अनुरूप प्राप्त शिकायतों का निराकरण तथा जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र प्रेषित किया जाएगा।
निर्वाचन सामग्री की व्यवस्था एवं वितरण-वापसी का दायित्व सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग श्री लक्ष्मी पटेल को सौंपा गया है। उनके द्वारा निर्वाचन सामग्री का आकलन कर मतदान केंद्रवार सामग्री व्यवस्थित की जाएगी तथा संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के माध्यम से वितरण एवं वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रशिक्षण स्थल, सामग्री वितरण केंद्र एवं वापसी केंद्रों में पेयजल तथा साफ-सफाई की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। श्री नभ वर्मा, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी (डीआईओ), कबीरधाम को प्रतिवेदन एवं तकनीकी कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। उनके सहयोग के लिए श्री प्रदीप तिवारी, सहायक प्रोग्रामर, सामान्य निर्वाचन कार्यालय कबीरधाम नियुक्त किए गए हैं। इनके द्वारा तकनीकी संबंधी कार्यों का संपादन तथा निर्वाचन संबंधी प्रतिवेदन आयोग को भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र तुर्रे को चिकित्सा सहायता का दायित्व सौंपा गया है। संबंधित क्षेत्र के खंड चिकित्सा अधिकारियों के सहयोग से प्रशिक्षण स्थल, मतदान केंद्र, सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल पर अधिकारी-कर्मचारियों तथा मतदान कर्मियों के लिए मेडिकल किट एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिल्पा देवांगन को नियंत्रण कक्ष का दायित्व सौंपा गया है। निर्वाचन के दौरान नियंत्रण कक्ष में प्राप्त पत्रों एवं सूचनाओं का निराकरण किया जाएगा। जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी श्री एस.एस. कुर्रे को मतदान प्रतिशत संबंधी जानकारी आयोग को भेजने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री चंद्रेश ठाकुर को मीडिया संबंधी दायित्व सौंपा गया है। उनके सहयोग के लिए ई-जिला प्रबंधक श्री देवेश सिंह नियुक्त किए गए हैं। इनके द्वारा निर्वाचन संबंधी प्रेस विज्ञप्ति जारी करने, प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने तथा समाचार पत्रों की कटिंग जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा। प्राचार्य आईटीआई कबीरधाम को मतदान में उपयोग होने वाली मतपेटियों के रखरखाव, ऑयलिंग एवं ग्रीसिंग का कार्य सौंपा गया है। सहायक संचालक समाज कल्याण विभाग श्रीमती अभिलाषा पांडा को निःशक्तजन सहायता केंद्र का दायित्व दिया गया है। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों के सहयोग से मतदान केंद्रों में दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक एवं समुचित सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।





