ग्लोबल राइज कार्यक्रम में उद्योगपतियों, निवेशकों, व्यापारियों एवं एक्सपोर्टर्स ने लिया हिस्सा
रायपुर। होटल बेबीलोन कैपिटल में आयोजित SMBConnect – The Global RISE कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। स्वदेशी व्यापारी मंच एवं SMBConnect के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महत्वपूर्ण बिजनेस कॉन्फ्रेंस में उद्योगपति, निवेशक, व्यापारी, एक्सपोर्टर्स एवं विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्योग एवं व्यापार को वैश्विक अवसरों से जोड़ना, व्यवसाय में आधुनिक तकनीक, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय बाजार और नए निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना था।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री एवं स्वदेशी व्यापारी मंच के प्रदेश संयोजक श्री अजय भसीन ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के व्यापार और उद्योग में अपार संभावनाएं हैं। यहां के उद्यमियों एवं व्यापारियों को अपनी क्षमताओं का विस्तार करते हुए आधुनिक तकनीक, बेहतर व्यावसायिक प्रबंधन और वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ना चाहिए। स्थानीय व्यापार को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए आपसी सहयोग और नए अवसरों का लाभ उठाना आवश्यक है। विशेष अतिथि जगदीश पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बदलते व्यावसायिक परिवेश में नवाचार, तकनीकी विकास और मजबूत व्यावसायिक नेटवर्किंग सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे आयोजन व्यापारियों एवं उद्यमियों को नए विचारों और संभावनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
5 बिजनेस चैंपियंस को एक्सीलेंस अवार्ड
कार्यक्रम में स्वदेशी व्यापारी मंच द्वारा विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य एवं उपलब्धियां हासिल करने वाले पांच उद्यमियों को बिजनेस चैंपियन एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले बिजनेस चैंपियंस में श्री अनिल जोतसिंघनी (इवेंट एवं एंटरटेनमेंट सेक्टर), नितिन खूबचंदानी (ट्रैवल एंड टूरिज्म सेक्टर), राकेश अग्रवाल (ट्रकिंग सॉल्यूशन सेक्टर), दीपक विधानी (इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी सेक्टर) तथा आनंद श्रीवास्तव (यूज्ड कार एवं ऑटोमोबाइल सेक्टर) शामिल हैं।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण था पैनल डिस्कशन ।इस पैनल में उद्योग चेम्बर भिलाई के अध्यक्ष श्री जे पी गुप्ता,उद्योगपति महेश बंसल,भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र व अजय भसीन ने उद्योग के लिए आवश्यक जानकारियां दी।किस तरह वैश्विक बाजार में हम अपने उत्पादों को पहचान दे सकते है।
सम्मान समारोह पर स्वदेशी व्यापारी मंच के संयोजक अजय भसीन ने कहा कि ऐसे सम्मान उन उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हैं, जिन्होंने अपने परिश्रम, नवाचार और व्यावसायिक दक्षता से अपने क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों ने इसे छत्तीसगढ़ के व्यापार और उद्योग जगत को नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। भिलाई से चेम्बर की टीम से मनोहर कृष्णानी, चिन्ना राव, विकास पांचाल, पूर्णिमा नंदी, अनिल अग्रवाल, शिवराज शर्मा,निरंकार सिंह ,कोमल व अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे। मंच संचालन शंकर सचदेव ने किया।
The post स्वदेशी व्यापारी मंच ने 5 बिजनेस चैंपियंस को एक्सीलेंस अवार्ड से किया सम्मानित appeared first on ShreeKanchanpath.





