छत्तीसगढ़

स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम दूर, विद्युत मंत्रालय ने दिए तेजी से स्थापना के निर्देश

*स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम दूर, विद्युत मंत्रालय ने दिए तेजी से स्थापना के निर्देश*

*सटीक एवं पारदर्शी बिलिंग के साथ उपभोक्ताओं को मिलेगी बिजली खपत पर निगरानी की सुविधा*

कवर्धा,  सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, राजनांदगांव क्षेत्र ने कबीरधाम जिले में स्मार्ट मीटर स्थापना को लेकर उपभोक्ताओं के बीच बनी असमंजस की स्थिति को दूर करते हुए स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर की स्थापना केंद्र सरकार के विद्युत मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। विद्युत मंत्रालय ने 12 अगस्त 2026 को सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को स्मार्ट मीटर स्थापना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं।
विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार, जहां संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को भारतीय मानकों के अनुरूप स्मार्ट मीटर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जानी है। इसके तहत स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य निरंतर जारी रखते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। कबीरधाम जिले में 1 लाख 17 हजार 302 स्मार्ट मीटर लगाएं गए है। स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य व्यापक स्तर पर जारी है और बड़ी संख्या में उपभोक्ता इस आधुनिक मीटरिंग व्यवस्था से जुड़ चुके हैं।
स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बिजली खपत के आधार पर सटीक एवं पारदर्शी बिलिंग की सुविधा मिलेगी। साथ ही उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर बेहतर तरीके से नजर रख सकेंगे। स्मार्ट मीटर व्यवस्था भविष्य में समय आधारित बिजली दर जैसी सुविधाओं के उपयोग में भी सहायक होगी। इसके माध्यम से उपभोक्ता अधिक दर वाले समय में बिजली का उपयोग कम तथा कम दर वाले समय में उपयोग बढ़ाकर अपने बिजली बिल में संभावित कमी ला सकेंगे। स्मार्ट मीटर से विद्युत वितरण कंपनी को भी बिजली खपत का सटीक लेखा-जोखा, बेहतर निगरानी एवं वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। इससे विद्युत आपूर्ति एवं उपभोक्ता सेवाओं की कार्यप्रणाली को आधुनिक और अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिल रहा है।

देश के विभिन्न राज्यों में तेजी से हो रहा स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य

विद्युत मंत्रालय ने सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी रखने तथा इसकी गति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसी दिशा में देश के विभिन्न राज्यों में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इनमें केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड सहित अन्य राज्य शामिल हैं।

अफवाहों पर ध्यान न दें, अधिकृत जानकारी पर करें भरोसा

सीएसपीडीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्मार्ट मीटर को लेकर सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं अपुष्ट जानकारियों पर ध्यान न दें। स्मार्ट मीटर से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए विद्युत विभाग के अधिकृत माध्यमों एवं अधिकारियों से ही जानकारी प्राप्त करें।स्मार्ट मीटर व्यवस्था का उद्देश्य विद्युत बिलिंग में सटीकता, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक का समावेश करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवा उपलब्ध कराना है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button