भिलाई। पावर हाउस फ्लाईओवर पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। फ्लाईओवर से नीचे पावर हाउस चौक के पास सड़क पर गिरने के कारण 21 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान शिवाजी नगर अटल आवास खुर्सीपार की रहने वाली पूनम अहिरवार ( 21 वर्ष ) के रुप में की गई है। प्राथमिक तौर पर मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह लगभग 8:45 बजे की है। युवती दुर्ग से रायपुर जाने वाली दिशा के फ्लाईओवर से अचानक नीचे पावर हाउस चौक के पास मुख्य सड़क पर जा गिरी। अचानक हुई इस घटना को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि पूनम सुबह घर से टहलने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद उन्हें पुलिस के जरिए उसकी मौत की खबर मिली।
परिजनों के अनुसार पूनम पिछले कुछ समय से लगातार बीमार चल रही थी और उसे झटके आते थे। बीमारी के चलते हाल ही में वह 15 दिनों तक अस्पताल में भर्ती भी रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए छावनी थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह महज एक हादसा था या युवती ने बीमारी व मानसिक तनाव के चलते खुदकुशी जैसा कदम उठाया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।
The post पावर हाउस फ्लाईओवर से गिरकर युवती की मौत, हादसा या खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस appeared first on ShreeKanchanpath.


