भिलाई। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात नेहरू नगर चौराहे पर लिफ्ट मांगने पर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने शाम तक नाबिलग बालिका व एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं रात होते होते तीसरे व मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों ने जिस युवक की हत्या की वह चिचोला में ढाबा चलाता है और घटना के समय नेहरू नगर चौक पर चिचोला जाने के लिए लिफ्ट मांग रहा था। घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है।
यह पूरी घटना शनिवार रात लगभग 11:30 बजे की है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय शिव कुमार सिंह निवासी कैंप-1 के रूप में हुई। रक्षाबंधन के बाद शनिवार की रात को वह अपने एक दोस्त के साथ नेहरू नगर चौक पहुंचा और चिचोला जाने ट्रक वालों से लिफ्ट मांग रहा था। इस दौरान अग्रसेन चौक की ओर से दो युवक व एक लड़की स्कूटी पर सवार वहां पहुंचे। शिव कुमार का इनके साथ विवाद हुआ। स्कूटी सवारों के नशे में होने की बात सामने आई। विवाद के बाद स्कूटी सवार युवक ने धारदार चाकू से शिवकुमार पर हमला कर दिया। शिवकुमार के जांघ पर गंभीर चोट आई। उसे पहले हाईटेक व उसके बाद श्रीशंकराचार्य मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रुआबांधा चाचा चौक निवासी विशाल निषाद उर्फ छाया, रुपेन्द्र निषाद और एक नाबालिग लड़की को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में विशाल निषाद, रूपेन्द्र व शिव कुमार के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर विशाल निषाद ने चाकू से शिव कुमार पर हमला कर दिया। घायल युवक को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हुई। घटना के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना सुपेला पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा घटना की सूचना के बाद पतासाजी एवं साक्ष्य संकलन की कार्रवाई प्रारंभ की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त किया गया। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें और विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की हिंसक अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
The post भिलाई में ढाबा संचालक की हत्या, मामूली विवाद के बाद हुई थी चाकूबाजी… सभी आरोपी गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.


