Blog

छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो के 61 पदक विजेता खिलाड़ियों को मिला राज्य खेल अलंकरण में सम्मान

भिलाई। राष्ट्रीय खेल दिवस पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय खेल अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। समारोह में साइकिल पोलो के 61 पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपमुख्यमंत्री व खेलमंत्री अरूण साव व दुर्ग लोकसभा सांसद एवं छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विजय बघेल की उपस्थित में खिलाडियों को सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ के संयुक्त सचिव एवं साइकिल पोलो फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व संयुक्त सचिव विनायक चन्नावार तथा बीएसपी साइकिल पोलो क्लब के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि राज्य खेल अलंकरण समारोह में विगत तीन वर्षों 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के पदक विजेता भिलाई के कुल 61 साइकिल पोलो खिलाड़ियों को खेल दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। यहां साइकिल पोलो में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। इसी उपलब्धि के के कारण भिलाई के 61 पदक विजेता खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण समारोह में सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में सब-जूनियर बालक एवं बालिका, जूनियर बालक एवं बालिका तथा सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग के पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान राशि प्रदान की गई। सब-जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को 10,000, रजत पदक विजेता को 5,000 तथा कांस्य पदक विजेता को 4,000 की सम्मान राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को 15,000, रजत पदक विजेता को 10,000 तथा कांस्य पदक विजेता को 7,000 की राशि प्रदान की गई। वहीं सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को 25,000, रजत पदक विजेता को 20,000 तथा कांस्य पदक विजेता को 15,000 की सम्मान राशि से सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर बीएसपी साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र बंछोर, छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ के अध्यक्ष डॉ. रमेश श्रीवास्तव, साइकिल पोलो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव तोशेंद्र वर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है तथा राज्य में साइकिल पोलो के विकास और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह सम्मान निश्चित रूप से प्रेरणादायी सिद्ध होगा। साइकिल पोलो संघ के सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में विभिन्न दलों के कप्तान

  • सब जूनियर बालक : भावेश निर्मलकर
  • सब जूनियर बालिका : कुमारी गुंजन साहू
  • जूनियर बालक वर्ग : पंकज सिन्हा
  • जूनियर बालिका वर्ग : कुमारी इशिता सिन्हा, सीनियर पुरुष :रोहन टांडी
  • फेडरेशन कप पुरुष : चंद्रशेखर साहू
  • सीनियर महिला वर्ग : कुमारी पूनम देवी
  • फेडरेशन कप महिला : लक्ष्मी निर्मलकर तथा मिक्स चैंपियनशिप:  विकास कुमार
  • प्रशिक्षक : देव प्रकाश वर्मा, शशांक देशमुख, दुष्यंत बारले व बीना मिश्रा।

The post छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो के 61 पदक विजेता खिलाड़ियों को मिला राज्य खेल अलंकरण में सम्मान appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button