एसएसपी विजय अग्रवाल ने किया ऑटो रजिस्ट्रेशन पोर्टल का शुभारंभ
हर्षित अग्रवाल
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों के लोकरल परिवहन को सुरक्षित करने बड़ी पहल की है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने दुर्ग जिले में एक ऐसी सुविधा शुरू की है जिससे शहर में चलने वाले सभी ऑटो व ई-रिक्शा पुलिस की राडार पर रहेंगे। यानी कोई भी ऑटो या ई-रिक्शा वाला सड़क पर यात्रियों से दुर्व्यवहार कर या किसी प्रकार का अपराधिक कृत्य कर भाग नहीं सकेगा। दरअसल दुर्ग पुलिस द्वारा सभी ऑटो व ई-रिक्शा चालकों के लिए क्यूआर कोड जारी किया जा रहा है जिससे उसका सारा डाटा पुलिस के पास रहेगा। रविवार को इस ऑटो व ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने की प्रक्रिया के तहत का एसएसपी विजय अग्रवाल रजिस्ट्रेशन पोर्टल का शुभारंभ किया।
अक्सर देखा गया है कि ऑटो व ई-रिक्शा में सफर करते समय यात्रियों को चालक और वाहन की पूरी जानकारी नहीं होती। कई बार ऐसा भी हुआ है कि अनजान जगहों पर ऑटो में किसी यात्री का सामान छूट जाता है तो कई बार ऐसा भी हुआ कि ऑटो चालकों से विवाद भी होता है। दुर्ग जिले में जो क्यूआर कोड वाली व्यवस्था शुरू हो रही है उससे हर ऑटो व ई-रिक्शा पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज रहेगा। किसी घटना की स्थिति में पुलिस क्यूआर कोड के जरिए वाहन का रजिस्ट्रेशन और चालक से जुड़ी जानकारी आसानी से हासिल कर सकेगी। इससे वाहन की पहचान करने में लगने वाला समय कम होगा और जांच व कार्रवाई में पुलिस को मदद मिलेगी।
ऑटो से जुड़ी कोई शिकायत करनी हो तो ऐसी स्थिति में वाहन की सही पहचान करना जरूरी होता है। क्यूआर कोड के जरिए पंजीकृत ऑटो की जानकारी पुलिस के रिकॉर्ड में उपलब्ध रहेगी, जिससे वाहन और चालक की पहचान आसानी से की जा सकेगी। खासकर महिलाओं के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबत हो सकती है। देर रात या अनजान इलाके में ऑटो लेने पर वाहन की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज होना सुरक्षा के लिहाज से काफी मददगार साबित होगा।
एक सप्ताह में सभी ऑटो का रजिस्ट्रेशन कराने का लक्ष्य
यातायात पुलिस ने जिले के सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। इसके लिए अगले एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद प्रत्येक ऑटो को QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। QR कोड की व्यवस्था शुरू होने के बाद भी यात्रियों को सामान्य सावधानी बरतनी चाहिए। ऑटो में बैठने से पहले वाहन का नंबर नोट कर लें। रात में अकेले सफर करते समय वाहन की जानकारी परिवार या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को भेज सकते हैं।
दुर्ग बनेगा छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला
एसएसपी विजय अग्रवाल का कहना है कि दुर्ग जिला ऑटो व ई-रिक्शा को क्यू कोड के माध्यम से डिजिटल रूप से रजिस्टर करने वाला छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा। क्यूआर कोड के माध्यम से ऑटो एवं चालक से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिस के पास सुरक्षित रहेगी, जिससे किसी भी प्रकार की घटना होने पर पुलिस को त्वरित कार्रवाई एवं पहचान में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया ऑटो चालकों के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ की गई है। सभी ऑटो चालक आवश्यक रूप से अपना रजिस्ट्रेशन कराएं और इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में यातायात पुलिस का सहयोग करें। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा आगामी 01 सप्ताह के भीतर जिले के सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन पूर्ण कराने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा।
The post दुर्ग में पुलिस की राडार पर ऑटो व ई-रिक्शा, क्यूआर से कवर होंगे सभी… जानिए इसके फायदे appeared first on ShreeKanchanpath.




