देश दुनिया

सांप घर में ना आए इसके लिए क्या करें? सांप को भगाने के लिए क्या जलाना चाहिए

बरसात के मौसम में सांपों का आतंक बढ़ जाता है. आए दिन सर्पदंश की खबरें सुनने को मिलती हैं. बारिश की वजह से जब सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, तो वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में हमारे घरों, बगीचों और यहां तक कि बाथरूम तक में घुस आते हैं. कुछ सांप बेहद जहरीले और खतरनाक होते हैं. वे सिर्फ रात में ही एक्टिव होते हैं और चुपके से घर में आ बैठते हैं. ऐसे में सावधान रहना जरूरी है. अगर सांप को देखकर या उसका नाम सुनकर आपके भी हाथ-पैर फूल जाते हैं, तो कुछ छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर घर में सांप के आने का खतरा काफी कम कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि सांपों को घर से दूर कैसे रखा जा सकता है.

टॉयलेट जाने से पहले ये गलती कभी न करें

आजकल सबसे ज्यादा मामले बाथरूम या कमोड (टॉयलेट सीट) में सांप छिपे होने के आते हैं. ठंडी जगह होने के कारण सांप अकसर पाइप के रास्ते टॉयलेट में आकर बैठ जाते हैं. ऐसे में जब भी टॉयलेट इस्तेमाल करने जाएं, तो पहले हमेशा एक बाल्टी पानी डालें या फ्लश चलाएं. सीट पर बैठने से पहले कमोड के अंदर और बाथरूम के कोनों में अच्छी तरह नजर जरूर दौड़ा लें. जरा सी सावधानी बड़े खतरे से बचा सकती है.

सांप को भगाने के लिए क्या जलाना चाहिए?

आपके घर में सांप घुस गया है और आप उसको किसी बंद जगह या कमरे से बाहर निकालने के लिए गोबर के कंडे (उपले), पुराने सूती कपड़े या लहसुन-प्याज के छिलके जलाकर तेज धुआं कर दें.  दरअसल सांपों को घुटन और तेज धुआं बिल्कुल पसंद नहीं है. इससे वह छ‍िपने की जगह से बाहर निकल आते हैं.

रात के साइलेंट किलर कॉमन करैत से सावधान रहें 

बारिश के दिनों में ‘कॉमन करैत’ (Common Krait) सांप से सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है. यह सांप बिल्कुल काले रंग का होता है और इसके शरीर पर सफेद रंग की पतली-पतली धारियां (Stripes) होती हैं. यह सांप दिनभर आराम करता है और सिर्फ रात के अंधेरे में शिकार के लिए निकलता है. यह अक्सर रात में फर्श पर या नीचे जमीन पर सो रहे लोगों के बिस्तर में घुस जाता है. इसलिए बारिश के मौसम में हमेशा चारपाई या पलंग पर सोएं और हो सके तो मच्छरदानी का इस्तेमाल करें.

घर में सांप को आने से रोकने के 5 असरदार तरीके

1. चूहों को घर से भगाएं

सांप बिना वजह किसी के घर में नहीं आता है, अगर उसे आपके घर में खाना जैसे चूहे, मेंढक या छिपने की जगह मिलेगी, तभी वह अंदर घुसेगा. सांप का सबसे पसंदीदा खाना चूहे होते हैं. अगर आपके घर में चूहे हैं, तो सांप उनके पीछे-पीछे जरूर आएगा, इसलिए सबसे पहले चूहों को भगाने का इंतजाम करें.

2. छेद और दरारें तुरंत बंद करें

दरवाजे के नीचे की खाली जगह, दीवारों के छेद, टूटी हुई खिड़कियां या ड्रेनेज पाइप, ये सभी सांपों के घर में घुसने के मेन गेट हैं. इन्हें सीमेंट, जाली या रबर से अच्छी तरह पैक कर दें. इससे घर सुरक्षित हो सकता है.

. घर के आसपास सफाई रखें

अगर आपके घर के बाहर बड़ी-बड़ी घास, झाड़ियां, ईंटों का ढेर या कबाड़ पड़ा है, तो समझ लीजिए वो सांपों के छिपने की सबसे अच्छी जगह है. इसलिए अपने आंगन और घर के आसपास हमेशा सफाई रखें.

4. जूते-चप्पल झाड़कर पहनें

अक्सर लोग बाहर रखे जूतों में बिना देखे पैर डाल देते हैं. सांप कई बार जूतों के अंदर जाकर बैठ जाते हैं और पैर डालते ही काट लेते हैं. इसलिए जूते या चप्पल पहनने से पहले उन्हें उल्टा करके झाड़ लें.

तेज महक वाली चीजों का इस्तेमाल

सांपों को तेज महक बिल्कुल पसंद नहीं होती है. आप घर की नालियों और बाउंड्री के पास फिनाइल (Phenyl), मिट्टी का तेल या कार्बोलिक एसिड का छिड़काव कर सकते हैं. इससे सांप घर से दूर रहते हैं.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button