कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूलों में बच्चों से लेकर अन्य सरकारी/गैर सरकारी कार्यालयों व संस्थानों में लोगों के बीच लड्डू बाटेंगे। ऐसे में बाजार में अन्य मिठाइयों की अपेक्षा सबसे अधिक मांग लड्डू की है। बढ़ती मांग को देखकर खाद्य पदार्थों की कारोबारियों ने मिलावट शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने गुरुवार और शुक्रवार को अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के 39 नमूने लिए हैं। इन नमूनों की गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।अभियान के क्रम में बूंदी निर्माण स्थल परिसर से बेसन की बूंदी बनाने में चावल के आटे को मिलाया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान देखा गया कि जिस बूंदी में चावल का आटा मिलाया जा रहा है, उसमें आटे की मात्रा पांच क्विंटल है। बाजार में इस चावल के आटे की अनुमानित कीमत 16,000 रुपये बताई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य कारोबारकर्ता की मौजूदगी में इस आटे को सीज कर दिया। साथ में नमूना लेकर उसकी गुणवत्ता जांचने के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।ये नमूने चकेरी, लाल बंगला, राजीव नगर, पनकी साइट-दो, दादा नगर, कौशलपुरी, परेड, मछरिया बाजार, बर्रा, गंगा बैराज, जूही हमरीपुर रोड, कल्याणपुर, मंधना, रतनपुर, राजेन्द्रपुरम, घाटमपुर चौराहा, काहूकोठी, हरबंस मोहाल, शिवराजपुर, उत्तरीपुरा क्षेत्र में स्थित खाद्य पदार्थों के प्रतिष्ठानों से लिए गए हैं।संजय प्रताप सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में गंदगी पाई गई है, उन कारोबारकर्ताओं को सुधार के लिए नोटिस दिया जा रहा है। साथ में प्रतिष्ठान पर ग्राहकों को पीने के लिए दिए जाने वाले पानी की जांच कराए जाने के लिए उन्हें निर्देशित किया गया है। हिदायत दी गई है कि कोई भी प्रतिष्ठान मालिक ग्राहकों को खाद्य पदार्थों को प्रिंटेड पेपर में रखकर नहीं देगा।
0 2,500 1 minute read





