*कबीरधाम पुलिस के स्वामी विवेकानंद एकेडमी के 130 प्रशिक्षणार्थियों को मिली ट्रेनिंग किट, रोजगार की राह होगी आसान।*
*पुलिस भर्ती सहित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में चयन के लिए युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं उचित मार्गदर्शन दे रही कबीरधाम पुलिस।*
*स्वामी विवेकानंद एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर हजारों युवक-युवतियों ने रोजगार हासिल कर साकार किया अपना सपना।*
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद एकेडमी के माध्यम से बेरोजगार युवक-युवतियों को पुलिस भर्ती एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में चयन के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य कबीरधाम जिले सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें रोजगार प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
स्वामी विवेकानंद एकेडमी में प्रशिक्षणार्थियों को पुलिस भर्ती, आर्मी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सब-इंस्पेक्टर सहित अन्य सुरक्षा सेवाओं में चयन के लिए लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। इंडोर एवं आउटडोर प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं की शारीरिक क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर अनेक युवक-युवतियां विभिन्न भर्तियों में सफलता प्राप्त कर रोजगार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इसी क्रम में जिले के समाजसेवी श्री गणेश तिवारी, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत कवर्धा एवं प्रदेश अध्यक्ष, पतंजलि किसान सेवा समिति छत्तीसगढ़ द्वारा एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 130 युवक-युवतियों को फिजिकल ट्रेनिंग के लिए ट्रेनिंग किट वितरित की गई। इस किट में लोअर, टी-शर्ट एवं नेकर शामिल हैं। ट्रेनिंग किट मिलने से प्रशिक्षणार्थियों को नियमित शारीरिक अभ्यास के दौरान सुविधा मिलेगी। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान एकरूपता एवं अनुशासन की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन की उपस्थिति में ट्रेनिंग किट का वितरण किया गया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए समाजसेवी श्री गणेश तिवारी एवं श्री आशिष तिवारी के सहयोग के प्रति प्रशिक्षणार्थियों एवं पुलिस परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया। समाज के सहयोग से युवाओं को उपलब्ध कराई जा रही यह सुविधा उनकी शारीरिक दक्षता बढ़ाने तथा भर्ती परीक्षाओं की तैयारी को और बेहतर बनाने में सहायक होगी।
स्वामी विवेकानंद एकेडमी के पुरुष प्रशिक्षक श्री दशरथ साहू एवं महिला प्रशिक्षक सुश्री रीना शर्मा द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से शारीरिक दक्षता एवं विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इस अवसर पर प्रशिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियां उपस्थित रहे।
कबीरधाम पुलिस की यह पहल युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में सहयोग प्रदान कर रही है। पुलिस एवं समाज के संयुक्त प्रयासों से युवा अपनी प्रतिभा को निखारते हुए निर्धारित लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं। स्वामी विवेकानंद एकेडमी युवाओं को अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रेरित कर रही है।





