छत्तीसगढ़

सी.सी.टी.वी. कैमरों से की जा रही है निगरानी, नवरात्रि पर्व के दौरान कबीरधाम पुलिस कि व्यापक चाक चौबंद व्यवस्था

*सी.सी.टी.वी. कैमरों से की जा रही है निगरानी, नवरात्रि पर्व के दौरान कबीरधाम पुलिस कि व्यापक चाक चौबंद व्यवस्था।*

*11 से 22 अक्टूबर तक धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध।*

*ग्राम नेवारीगुड़ा में 51 शक्तिपीठों की प्रतिमाओं की स्थापना एवं नवरात्रि महोत्सव को लेकर कबीरधाम पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था।*

*धार्मिक आयोजनों की आड़ में अशांति फैलाने वालों की खैर नहीं, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध होगी सख्त वैधानिक कार्यवाही।*

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में थाना पिपरिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम नेवारीगुड़ा में आयोजित शारदीय नवरात्रि महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। दिनांक 11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध किए गए हैं।

*सी.सी.टी.वी. कैमरों से निगरानी, कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस टीम सतर्क*

आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां मॉनिटर पर दिखाई देने वाले दृश्यों एवं तस्वीरों के माध्यम से पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही है। कंट्रोल रूम से आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले राहगीरों और श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा असामाजिक तत्व की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही करने के उद्देश्य से पुलिस टीम सतर्क है। इस व्यवस्था से सुरक्षा प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति पर समय रहते नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी।

ग्राम नेवारीगुड़ा में महामाया दुर्गा उत्सव समिति द्वारा 51 शक्तिपीठों की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मीना बाजार का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कबीरधाम पुलिस द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकें।

*श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए व्यापक पुलिस बल तैनात*

आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी एवं समन्वय के लिए उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। थाना पिपरिया सहित विभिन्न थानों एवं पुलिस इकाइयों के सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सतत उपस्थिति सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल एवं प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

*पेट्रोलिंग एवं यातायात प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था*

कार्यक्रम के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीमें निर्धारित समयानुसार क्षेत्र में लगातार भ्रमण करेंगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग का व्यवस्थित प्रबंधन किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात रहेगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक पुलिस संसाधनों एवं संचार व्यवस्था को भी तैयार रखा जाएगा, ताकि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

*अशांति फैलाने एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध होगी सख्त वैधानिक कार्यवाही*

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा, सामाजिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना कबीरधाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। धार्मिक आयोजनों की आड़ में अशांति फैलाने, विवाद उत्पन्न करने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें, यातायात एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कबीरधाम पुलिस धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button