Blog

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा, दुर्ग में थाना एवं ऑफिस रीडर्स को दी गई ट्रेनिंग

भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराने तथा दैनिक कार्यालयीन कार्यों को सरल, समयबद्ध एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई। इसके अंतर्गत पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06, भिलाई में दुर्ग जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस कार्यालयों में पदस्थ रीडर्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीक के माध्यम से शासकीय दस्तावेज तैयार करने, मीडिया सामग्री को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा गोपनीयता एवं तथ्यात्मक शुद्धता सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न उपयोगों की जानकारी देते हुए बताया कि इन तकनीकों का उचित उपयोग कार्यालयीन कार्यों को कम समय में व्यवस्थित ढंग से पूरा करने में सहायक हो सकता है। रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के उप निरीक्षक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कार्यप्रणाली एवं प्रभावी उपयोग को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि स्पष्ट एवं सटीक निर्देश देकर AI आधारित उपकरणों की सहायता से शासकीय पत्र, प्रेस विज्ञप्ति, प्रतिवेदन, बैठक की कार्यवाही तथा अन्य कार्यालयीन दस्तावेजों के प्रारूप तैयार किए जा सकते हैं।

इसके अतिरिक्त लंबे आदेशों एवं दस्तावेजों का सारांश तैयार करने में भी इसका उपयोग किया जा सकता है। प्रशिक्षण में मीडिया एवं सोशल मीडिया के लिए फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, वीडियो बाइट रिकॉर्ड करने तथा सामग्री प्रकाशित करने से पहले तथ्यों, कैप्शन एवं विवरण की जाँच करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को समझाया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए निर्देश स्पष्ट, सटीक एवं आवश्यक संदर्भ के अनुरूप होने चाहिए।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर जोर

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कार्यों में गोपनीयता एवं सूचना सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया गया। बताया गया कि केस डायरी, विवेचना से संबंधित गोपनीय विवरण, पीड़ितों एवं मुखबिरों की पहचान तथा अन्य संवेदनशील जानकारी को सार्वजनिक AI टूल पर साझा नहीं किया जाना चाहिए। AI से तैयार सामग्री का उपयोग करने से पहले तथ्यों, कानूनी प्रावधानों एवं संबंधित विवरणों का सत्यापन करना और निर्धारित विभागीय प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है। दुर्ग पुलिस का प्रयास है कि पुलिसकर्मी आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूक हों तथा उसका उपयोग जिम्मेदारी, सावधानी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप करें। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों का उद्देश्य पुलिस के दैनिक कार्यों को अधिक सरल, व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाना है, जबकि प्रत्येक शासकीय दस्तावेज की तथ्यात्मक शुद्धता, गोपनीयता एवं अंतिम सत्यापन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की रहेगी।

The post आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा, दुर्ग में थाना एवं ऑफिस रीडर्स को दी गई ट्रेनिंग appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button