देश दुनिया

बुलेट में मानसून का मजा लेने निकले कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ

धमतरी: शुक्रवार को धमतरी जिले में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने मानसून बाइक रैली निकाली. रुद्री चौक से शुरू हुई यह रैली गंगरेल होते हुए नरहरा जलप्रपात पहुंची. इस रैली की खास बात रही कि इसमें कलेक्टर, सीईओ और दूसरे विभागों के अधिकारी बाइक और दूसरी टू व्हीलर्स में नजर आए.

धमतरी के पर्यटन का प्रमोशन

धमतरी जिला प्रशासन पर्यटन को बढ़ावा देने कई कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. बीते दिनों धमतरी के पर्यटनस्थलों की फोटो, रील और वीडियो बनाने का कॉम्पटीशन आयोजित किया, जिसकी आज आखिरी तारीख है. इस प्रतियोगिता में जीतने पर 50 हजार रुपये तक का इनाम रखा गया है. वहीं शुक्रवार को मानसून बाइक रैली निकाली गई. इस रैली में जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, बाइक राइडर्स, युवा और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए.

बुलेट में कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ

मानसून बाइक रैली में कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ भी बदले हुए अंदाज में नजर आए. अक्सर फॉर्मल ड्रेस में नजर आने वाले धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा जीन्स टीशर्ट में मॉडिफाइड बुलेट चलाते हुए नजर आए.जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा भी कलरफुल टीशर्ट और जींस में बुलेट दौड़ा रहे थे.अधिकारियों कर्मचारियों की मानसून रैली का जगह जगह ग्रामीणों ने स्वागत किया. रैली के दौरान सभी बाइक सवारों ने हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करने का भी संदेश दिया. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने नरहरा जलप्रपात का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और पर्यटक सुविधाओं का जायजा लिया. कलेक्टर ने बारिश के दौरान पर्यटकों की सुविधा के लिए शेड निर्माण के निर्देश भी दिए. कलेक्टर ने कहा कि धमतरी के प्राकृतिक पर्यटन स्थल जिले की अमूल्य धरोहर हैं. उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि प्रतिबंधित और खतरनाक क्षेत्रों में न जाएं, प्लास्टिक और अन्य कचरा डस्टबिन में ही डालें और बच्चों के साथ अतिरिक्त सावधानी बरतें

नरहरा में जो जो कमी है इसे दूर किया जा रहा है. सीढ़ी के साथ ही रेलिंग लगाई जाएगी-अबिनाश मिश्रा, घमतरी कलेक्टर

रुद्री से गंगरेल होते हुए नरहरा पहुंचे है. बहुत ही सुंदर टूरिज्म का आनंद लिया. कलेक्टर सर के विजन के अनुसार नरहरा को और अच्छा बनाएंगे- जयंत नाहटा, जिला पंचायत सीईओ

नरहरा जलप्रपात में अधिकारियों कर्मचारियों ने फोटो सेशन भी किया. कलेक्टर ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया. ग्रामीणों से बात की और नरहरा के आसपास के ग्रामीणों का आभार भी जताया. प्रशासन का कहना है कि ऐसे आयोजनों से जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षित पर्यटन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button