दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे- मिक्सड हायर सेकेंडरी स्कूल बीएमवाय चरोदा, भिलाई रेलवे स्कूल में स्वच्छता एवं जल संचय संवाद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भिलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत 17 एवं 18 सितम्बर 2026 को ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य रेलवे कॉलोनियों में स्थित रेलवे स्कूलों एवं संस्थानों के विद्यार्थियों को स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अभियान के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे- मिक्सड हायर सेकेंडरी स्कूल बीएमवाय, भिलाई रेलवे स्कूल में स्वच्छता एवं जल संवाद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । विद्यार्थियों के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 तथा चार तरीके से स्रोत पृथक्करण (4-way Source Segregation) के संबंध में जागरूकता एवं प्रदर्शन सत्र आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को बताया गया कि कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने से उसके उचित निपटान, पुनर्चक्रण एवं पुन: उपयोग को बढ़ावा मिलता है और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहायता मिलती है।
‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने देखी स्वच्छता व्यवस्था
कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ आयोजित कर उन्हें रेलवे के विभिन्न स्वच्छता एवं पर्यावरणीय परिसरों का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने बायो-टॉयलेट प्लांट, जल पुनर्चक्रण का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें रेलवे परिसरों में अपनाई जा रही जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, पुनर्चक्रण एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
‘स्वच्छता एवं जल संचय संवाद’ में विद्यार्थियों ने रखे विचार
रेलवे स्कूलों में ‘स्वच्छता एवं जल संचय संवाद’ के अंतर्गत विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें वर्षा जल संचयन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रमों में मंडल के अधिकारियों, स्कूल प्राचार्यों, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा की सहभागिता रही।
रायपुर सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता संदेश
यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रायपुर सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। इनमें रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों एवं रेलवे स्कूली बच्चों की सहभागिता रही। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन एवं ट्रेन परिसर में कचरा न फैलाने, कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा स्रोत पर कचरे के पृथक्करण के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों ने कला के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश
रेलवे स्कूलों एवं संस्थानों में स्वच्छता विषयक कला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक माध्यमों से स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छ रेलवे परिसर का संदेश प्रस्तुत किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों एवं रेलवे परिवारों के बीच पुस्तक, खिलौने एवं कपड़ों के दान अभियान के प्रति भी जागरूकता उत्पन्न की गई। उपयोग में न आने वाली वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाकर उनके पुन: उपयोग एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
रायपुर रेल मंडल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को ‘स्वच्छता के सहभागी’ बनाना तथा स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना है। विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश रेलवे परिवारों तथा समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
The post रेलवे स्कूलों में ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक appeared first on ShreeKanchanpath.



