Blog

विघ्नहर्ता श्री सिद्धिविनायक गणपति को अर्पित किया शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का प्रथम आमंत्रण

भिलाई। सनातन हिन्दू धर्म, संस्कृति एवं परंपरा में किसी भी शुभ कार्य को करने से पूर्व सर्वप्रथम प्रथम पूजनीय, विघ्नहर्ता एवं मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना कर उनका आह्वान किया जाता है। इसी सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए सुभाष नवयुवक जागृति समिति ने इस वर्ष भी लालमैदान के पवित्र प्रांगण में आयोजित होने वाले 55वें शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का प्रथम आमंत्रण भिलाई के सुप्रसिद्ध एवं सिद्धपीठ श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर, सेक्टर-5, भिलाई में विराजमान भगवान श्री गणपति जी महाराज को अर्पित किया।

लालमैदान दुर्गोत्सव समिति, भिलाई के प्रतिनिधिमंडल ने श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर, सेक्टर-5 पहुँचकर विधि-विधान से भगवान श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना की तथा शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का प्रथम आमंत्रण श्री गणपति जी महाराज को अर्पित किया। समिति के सदस्यों ने नतमस्तक होकर श्री गणेश जी का आह्वान किया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी वे लालमैदान पधारें, अपना आशीर्वाद बनाए रखें और मातारानी के शारदीय नवरात्र उत्सव से जुड़े समस्त कार्य निर्विघ्न रूप से पूर्ण हों। इसके पश्चात समिति का प्रतिनिधिमंडल माँ राजराजेश्वरी मंदिर पहुँचा, यहाँ मातारानी की आरती एवं भोलेबाबा का अभिषेक किया गया। साथ ही मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं को भी शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का आमंत्रण अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल माँ सिंहवाहिनी मंदिर पहुँचा, जहाँ से प्रतिवर्ष लालमैदान में विराजमान होने वाले मातारानी के दिव्य मूर्ति स्वरूप का आगमन होता है। यहाँ पूजा-अर्चना कर मातारानी सहित मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं को शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का आमंत्रण अर्पित कर आयोजन हेतु आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इसी धार्मिक यात्रा के अगले क्रम में समिति का प्रतिनिधिमंडल एम्प्लॉयमेंट मैदान, पावर हाउस में विराजमान “सब्जी मंडी के राजा” श्री गणपति जी महाराज के दर्शन हेतु पहुँचा। यहाँ भी पूजा-अर्चना कर श्री गणपति को शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का आमंत्रण अर्पित किया गया तथा मंगलमय एवं निर्विघ्न आयोजन हेतु आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

ज्ञात हो कि सुभाष नवयुवक जागृति समिति, लालमैदान, पावर हाउस, भिलाई भिलाई-दुर्ग की प्राचीन एवं प्रमुख दुर्गोत्सव समितियों में से एक है। समिति पिछले 54 वर्षों से लालमैदान के पवित्र प्रांगण में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मातारानी के भव्य एवं अनूठे पंडाल का निर्माण कराकर नवरात्र उत्सव का आयोजन करती आ रही है। अपने पंडाल एवं आयोजन के माध्यम से समिति प्रतिवर्ष धर्म, संस्कृति, संस्कार एवं सामाजिक समरसता से जुड़ा एक सार्थक संदेश समाज तक पहुँचाने का प्रयास करती है। शारदीय नवरात्र के दौरान लालमैदान मातारानी के दर्शन हेतु आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनता है। इस वर्ष समिति के आयोजन का 55वां वर्ष है।

इसी गौरवशाली यात्रा के अनुरूप समिति द्वारा इस वर्ष भी आयोजन को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने की तैयारियाँ की जा रही हैं। समिति ने कामना की है कि प्रथम पूजनीय विघ्नहर्ता श्री गणेश, देवाधिदेव महादेव भोलेबाबा एवं मातारानी की असीम कृपा और आशीर्वाद से लालमैदान का 55वां शारदीय नवरात्र उत्सव निर्विघ्न, भव्य, दिव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो। आयोजन समिति के समस्त सेवादारों, सभी श्रद्धालुओं, समस्त भिलाईवासियों सहित पूरे देशवासियों को श्री गणेश जी, भोलेबाबा एवं मातारानी का भरपूर आशीर्वाद प्राप्त हो तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल का संचार हो।

The post विघ्नहर्ता श्री सिद्धिविनायक गणपति को अर्पित किया शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का प्रथम आमंत्रण appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button