कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने जिस दुकानदार से झालमुड़ी खाई अब उस दुकानदार को धमकियां मिल रही हैं। पीएम को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार विक्रम साह का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उसे पाकिस्तान और बांग्लादेश से रोजाना धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। विक्रम साहू ने कहा कि मुझे पाकिस्तान से वीडियो और फोन कॉल के जरिए बार-बार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इसके बाद बंगाल सरकार ने उसकी सुरक्षा में पुलिस को लगाया है और मामले की जांच में जुट गई है।
बता दें पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले विक्रम साहू रातोंरात सुर्खियों में आ गए थे। विक्रम साहू और पीएम मोदी के बीच हुई बातचीत पूरे चुनाव में चर्चा का विषय बन गई थी। हालांकि, रातोंरात मिली यह शोहरत अब उसके लिए मुसीबत बन गई है। विक्रम साह का कहना है कि फोनकॉल जरिए वे मुझे बम से उड़ाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि जो लोग मुझे वीडियो कॉल कर रहे हैं, वे मुझे डराने के लिए खौफनाक इशारे कर रहे हैं और हथियार भी दिखा रहे हैं। उन्होंने मुझे चेतावनी दी है कि तुम्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
पाकिस्तान से धमकी मिलने का किया दावा
विक्रम ने बताया कि उसने कई कॉल नहीं उठाए लेकिन फोन की घंटी बजनी बंद नहीं हुई। उसने कहा कि फोन करने वाले उसे गालियां दे रहे हैं और अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश से भी जान से मारने की धमकियां आ रही हैं, जो मुझे डराने की कोशिश कर रहे हैं। वे मुझसे पूछते हैं, ‘तुम जिंदा हो या मर गए?’
The post पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिल रही हैं धमकियां, सुरक्षा में लगाई गई पुलिस appeared first on ShreeKanchanpath.


