भिलाई। वाहनों की रूटीज जांच के दौरान शुक्रवार को कुम्हारी में एक कार सवारों ने ट्रैफिक पुलिस को ही कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रैफिक जवान ने सतर्कता से खुद को बचाया। इसके बाद कार सवार दुर्ग की ओर भागने लगे तो यातायात पुलिस ने 10 किमी तक पीछा कार रुकवाई। कार में दो युवक व दो युवतियां सवार थी। पुलिस ने दोनों युवकों को रिमांड पर भेज दिया और युवतियों के परिजनों को सूचना देकर उनका बयान लिया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रहीहै। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। वाहन चेकिंग ड्यूटी में सउनि सुशील पाण्डेय के हमराह आरक्षक रमेश चंद्राकर की ड्यूटी रायपुर से दुर्ग मार्ग पर लगाई गई थी। चेकिंग के दौरान लगभग 12:40 बजे वाहन क्रमांक MH 02 AY 3475 तेज गति से रायपुर की ओर से दुर्ग की तरफ आते दिखाई दिया, जिसमें ब्लैक फिल्म लगी हुई थी।
इस दौरान आरक्षक रमेश चंद्राकर द्वारा वाहन रोकने का संकेत देने पर चालक द्वारा वाहन को और तेज गति से चलाते हुए आरक्षक के ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया गया। स्वयं को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई तथा वह वाहन के सामने गिर गया। आरोपियों द्वारा वाहन से सिर के ऊपर भी वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया, किन्तु उसने सतर्कता से पीछे हटकर स्वयं को सुरक्षित किया।
घटना के पश्चात वाहन चेकिंग में लगे अन्य स्टाफ द्वारा यातायात पुलिस वाहन से उक्त कार का पीछा कर सिरसा गेट के पास वाहन को पकड़ा गया। वाहन में 02 युवक एवं 02 युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ पर आरोपियों ने अपना नाम रमजान एवं जाकिर मोहम्मद निवासी नागपुर बताया। प्रकरण में थाना कुम्हारी में धारा 109(1), 221, 3(5) बीएनएस एवं धारा 184, 100 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वाहन में उपस्थित युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान लिया जा रहा है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
उक्त कार्यवाही में यातायात पुलिस दुर्ग के सउनि सुशील पाण्डेय, आरक्षक रमेश चंद्राकर एवं वाहन चेकिंग ड्यूटी में तैनात पुलिस स्टाफ की त्वरित एवं सतर्क कार्यवाही सराहनीय रही। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस जांच एवं वाहन चेकिंग में सहयोग करें। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
The post कुम्हारी में ट्रैफिक पुलिस पर कार चढाई, बाल-बाल बचे जवान… नागपुर के दो युवक गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.




